




ग्राम सेतु डॉट कॉम
खेल के रोमांच, युवा ऊर्जा, आपसी भाईचारे और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से भटनेर किंग्स क्लब की ओर से आयोजित भटनेर प्रीमियर लीग (बीपीएल-7) के दूसरे दिन गुरुवार को छह रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। पांच दिवसीय क्रिकेट महाकुंभ में 12 टीमों के 244 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस बार प्रतियोगिता की थीम ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ रखी गई है, जिसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है।
बीपीएल-7 के पहले मुकाबले में आशीष एंड सरपंच किंग्स तथा राज नंदा एंड करण हिमालयन टाइटंस आमने-सामने रहे। आशीष एंड सरपंच किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 रन से जीत दर्ज की। बादशाह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ आशीष एंड सरपंच किंग्स ने लगातार दूसरी जीत हासिल कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
दूसरे मुकाबले में गोपाल एंड विशाल वॉरियर्स तथा लेखराज एंड कपिल स्ट्राइकर्स के बीच भिड़ंत हुई। लेखराज एंड कपिल स्ट्राइकर्स ने 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। टीनू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मुकाबले में सतनाम एंड ऋषभ स्मैशर्स ने इंद्र एंड सत्ती शार्क्स को 30 रन से पराजित किया। बादशाह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
चौथे मुकाबले में अनिल एंड प्रगट चीताज तथा गिल्होत्रा एंड गौरव हॉक्स के बीच मुकाबला हुआ। गिल्होत्रा एंड गौरव हॉक्स ने 7 विकेट से जीत हासिल की। संदीप रोडावाली मैन ऑफ द मैच रहे।
पांचवें मुकाबले में कुलभूषण एंड हरि वॉरियर्स तथा महक एंड खुशनीत टाइगर्स के बीच मुकाबला हुआ। महक एंड खुशनीत टाइगर्स ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। खुशनीत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
छठे मुकाबले में विशाल एंड सोनू फायरबर्ड्स तथा कत्याल एंड संदीप रॉयल्स के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। विशाल एंड सोनू फायरबर्ड्स ने 2 विकेट से जीत हासिल की। रमन बिजारणिया मैन ऑफ द मैच रहे।
दूसरे दिन के मुकाबलों में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक आयुक्त, राज्य कर विभाग, श्रीगंगानगर रवि दाधीच ने कहा कि बीपीएल-7 खेलों के साथ सामाजिक जागरूकता का भी सशक्त मंच है। ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ थीम के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया जा रहा है ।
विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच प्रतिनिधि लेखराज गिरधर, डबलीबास मौलवी, गजेंद्र दाधीच, पार्षद प्रतिनिधि, संगरिया एवं सतनाम सिंह, निदेशक, कॉन्सेप्ट क्लासेज उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 12 टीमों के बीच प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए मुकाबले होंगे। 15 नवंबर को खेले जाने वाले फाइनल मैच के साथ बीपीएल-7 के विजेता का फैसला होगा। क्रिकेट के चौकों-छक्कों के बीच इस बार मैदान से ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ का संदेश भी बुलंद किया जा रहा है।
कार्यक्रम में क्लब संरक्षक आशीष विजय, अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल, कोषाध्यक्ष दारा सिंह, हरि चारण, कपिल गोयल, एडवोकेट गणेश गिल्होत्रा, सतविंदर सिंह सत्ती, विशाल मुदगिल, विशाल छाबड़ा, महक गर्ग, राज नंदा, गौरव बेनीवाल, प्रगट सिंह, अनिल नैन, खुशनीत सिंह, संदीप चौधरी, सोनू गजरा, मनप्रीत सिंह, शुभम कत्याल, गोपाल राम, इंद्र सिंधी, करण गर्ग और ऋषभ शर्मा सहित क्लब के अन्य सदस्य, टीम कप्तान एवं मेंटर्स उपस्थित रहे।




