








ग्राम सेतु डॉट कॉम
सायरन की गूंज, तालियों की गड़गड़ाहट, कोर्ट पर तेजी से दौड़ते खिलाड़ी और बास्केट में गेंद डालने के लिए दोनों टीमों के बीच जोरदार संघर्ष… गुरुवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित व्यापार मंडल शिक्षा समिति परिसर का माहौल पूरी तरह बास्केटबॉल के जुनून में रंगा नजर आया। सात साल के लंबे इंतजार के बाद शहर को एक बार फिर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी का मौका मिला है। 76वीं राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष एवं महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज होते ही खेल प्रेमियों में उत्साह छा गया। राजस्थान के 50 टीमों के करीब 850 खिलाड़ी इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में खिताब के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। मेजबान हनुमानगढ़ की पुरुष टीम ने पहले ही दिन चूरू को 85-56 से हराकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। प्रतियोगिता में 15 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी ने मुकाबलों का रोमांच और बढ़ा दिया है।
जिला बास्केटबॉल संघ, हनुमानगढ़ एवं व्यापार मण्डल शिक्षा समिति हनुमानगढ़ टाउन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह टाउन स्थित व्यापार मण्डल शिक्षा समिति परिसर में धूमधाम से हुआ।
मुख्य अतिथि राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़, क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक इशाक हारून खान, अग्रोहा विकास समिति हनुमानगढ़ टाउन के अध्यक्ष सतीश बंसल और फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत की और खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान आयोजकों द्वारा राजस्थान बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों और विशिष्ट खेल अतिथियों का पारंपरिक साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़, सचिव गेमर सिंह सोढ़ा, मुख्य प्रशिक्षक भंवर सिंह शेखावत, तकनीकी समिति के सचिव सुरेश भारोदिया व सदस्य अरविन्द सिंह, पवन गोल्याण, कृषि उपज मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा, अनुज डाल, जिनेन्द्र जैन, देवेन्द्र अग्रवाल, एसकेडी चेयरमैन बाबूलाल जुनेजा, डीएवी प्रिसीपल परमजीत सिंह, डॉ. मिताली अग्रवाल व शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके साथ ही विभिन्न जिलों व खेल इकाइयों से पहुंचे पदाधिकारियों में जिला बास्केटबॉल संघ सीकर के अध्यक्ष करण सिंह शेखावत, टोंक अध्यक्ष सत्यनारायण बूलिया, भीलवाड़ा अध्यक्ष जसवन्त खोईवाल, झुंझुनू सचिव सुशील यादव, नागौर सचिव अशोक शर्मा, बारां अध्यक्ष हरि ओम प्रजापत व कोषाध्यक्ष आफताब पठान, बीएसएफ टीम जोधपुर के प्रशिक्षक अशोक कुमार, राजस्थान पुलिस टीम के प्रशिक्षक भूपेन्द्र सिंह, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, जिला खेल स्टेडियम से ओम प्रकाश सेन तथा इंडियन एयर फोर्स के फ्लाइंग ऑफिसर सुखवीर सिंह का भी साफा पहनाकर सम्मान किया गया।
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष एवं महिला वर्ग के कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। मेजबान हनुमानगढ़ की पुरुष टीम ने चूरू को 85-56 के बड़े अंतर से हराकर शानदार शुरुआत की। अब तक प्राप्त परिणामों का विवरण इस प्रकार है।
पुरुष वर्ग में अलवर ने बूंदी को 20-00 से हराया। इसी तरह जैसलमेर ने जालोर को 47-05, जयपुर अकादमी ने बारां को 60-32, अजमेर ने सवाई माधोपुर पर 31-10, भीलवाड़ा ने टोंक को 56-24, हनुमानगढ़ ने चूरू को 85-56, नागौर ने सिरोही को 33-04, कोटा ने झालावाड़ को 68-40 से हराकर जीत हासिल की।
महिला वर्ग में जोधपुर ने जयपुर अकादमी को 20-00, राजसमंद ने सवाई माधोपुर को 27-04, जयपुर ने बाड़मेर को 42-15, भीलवाड़ा ने गंगानगर को 44-28 व सीकर ने पाली पर 48-08 से एकतरफा जीत दर्ज की। अलवर ने चित्तौड़गढ़ को 50-13 के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
12 से 15 नवंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय खेल महाकुंभ में राजस्थान भर से कुल 50 टीमें (20 महिला और 30 पुरुष वर्ग की) हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में 15 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित प्रदेश के लगभग 850 खिलाड़ी और रेफरी व कोच मिलाकर कुल 1000 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इस चैंपियनशिप में चयनित खिलाड़ी आगामी 20 से 27 दिसंबर तक इंदौर में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप-2026 में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस कार्यक्रम में सतीश बसंल द्वारा इण्डोर स्टेडियम के लिए 25 लाख रूपये और राम लाल किरोड़ीवाल फूडग्रेन एसोसिएशन अध्यक्ष द्वारा 12 लाख रूपये देने की घोषण की गई।
समारोह में आयोजन समिति के अध्यक्ष अमरसिंह राठौड़, सचिव राज कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पवन खुराना, सदस्य मनोज पारीक, सादा सिंह खोसा, जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष विकास अग्रवाल, सचिव निशा शर्मा और व्यापार मण्डल शिक्षा समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्यान, उपाध्यक्ष विकास हिसारिया, सचिव हरिकिशन खदरिया, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र गोयल, संयुक्त सचिव संजय कुमार तथा प्राचार्य डॉ. नीलम गौड़, संजू गाडिया, किरण राठौड़ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का समापन समारोह 15 नवंबर को सुबह 10.30 बजे आयोजित होगा।






