



ग्राम सेतु डॉट कॉम
पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत हनुमानगढ़ जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान के बाद अब चुनावी नतीजों की घड़ी नजदीक आ गई है। दोनों पदों के लिए मतगणना शुक्रवार को होगी। मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसी कॉलेज में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के मतों की गिनती की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव और पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में मतगणना की पूरी प्रक्रिया का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास करवाया गया। पंचायत समिति हनुमानगढ़ के मतगणना कक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग चरणों में उनकी जिम्मेदारियों और निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। उद्देश्य यह रहा कि मतगणना के दिन किसी तरह की असमंजस की स्थिति पैदा न हो और प्रत्येक चरण निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरा किया जा सके।
एक ही कक्ष में होगी दोनों पदों की मतगणना
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के मतों की गणना एक ही मतगणना कक्ष में की जाएगी। हालांकि, दोनों पदों की मतगणना का क्रम अलग-अलग निर्धारित किया गया है। सबसे पहले जिला परिषद सदस्य पद के मतों की गिनती होगी। इसके बाद पंचायत समिति सदस्य पद के मतों की गणना शुरू की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान इस क्रम को लेकर भी मतगणना दलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए, ताकि दोनों चुनावों की मतगणना में किसी प्रकार का भ्रम नहीं रहे।
प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों को राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 54-क के प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके अनुसार मतगणना की शुरुआत सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती से होगी। रिटर्निंग अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत डाक मतपत्रों की गणना शुरू करवाएंगे। इसके आधे घंटे बाद ईवीएम की कंट्रोल यूनिट गणना की मेजों पर लाई जाएगी और उनके माध्यम से दर्ज मतों की गिनती की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप वैध और अवैध डाक मतपत्रों की पहचान और उनकी गणना की प्रक्रिया भी समझाई गई। कर्मचारियों को बताया गया कि डाक मतपत्रों की जांच करते समय निर्धारित नियमों का पूरी सावधानी से पालन करना होगा। किसी मतपत्र को वैध अथवा अवैध घोषित करने में नियमों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
मतगणना की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईवीएम की कंट्रोल यूनिट को स्ट्रांग रूम से मतगणना कक्ष तक लाने और उसकी सील की जांच करने की प्रक्रिया का भी अभ्यास करवाया गया। मतगणना दलों को बताया गया कि स्ट्रांग रूम से केवल कंट्रोल यूनिट, प्रारूप-14 और पीठासीन अधिकारी की घोषणा से संबंधित सीलबंद लिफाफे ही गणना की मेजों तक लाए जाएंगे। प्रत्येक राउंड में कंट्रोल यूनिट के कैरिंग केस की बाहरी सील, स्ट्रिप सील, पिंक पेपर सील और विशेष टैग के नंबर अभ्यर्थियों तथा उनके गणन अभिकर्ताओं को दिखाए जाएंगे। इसके बाद संबंधित सीलों और टैग के नंबरों का मिलान किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतगणना में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम की सुरक्षा और प्रामाणिकता को लेकर किसी तरह का संदेह न रहे।
प्रशिक्षण के दौरान मतगणना के अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया गया कि प्रत्येक राउंड में प्राप्त मतों का विवरण प्रारूप-14 में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद सहायक रिटर्निंग अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतों का जोड़ करेंगे। सभी राउंड की गणना पूरी होने के बाद अंतिम परिणाम पत्र तैयार किया जाएगा।
प्रशिक्षण में मतों की गणना, आंकड़ों का मिलान, अभिलेखों का संधारण और अंतिम परिणाम तैयार करने तक की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतगणना के दौरान प्रत्येक कार्य सावधानीपूर्वक और निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाए। अब शुक्रवार को होने वाली मतगणना पर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हैं। मतपेटियों के बजाय ईवीएम में दर्ज जनादेश सामने आने के साथ ही जिला परिषद और पंचायत समितियों में राजनीतिक तस्वीर भी साफ हो जाएगी। प्रशासन की कोशिश है कि मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और परिणामों की घोषणा तक पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।





