



रजनी शर्मा
गुरु नानक देव जी वास्तव में एक महान संत, समाज सुधारक और मानवता के सच्चे उपासक थे। उनका संपूर्ण जीवन सादगी, सरलता और प्रेरणा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने संदेश और उपदेश केवल शब्दों के माध्यम से नहीं दिए, बल्कि उन्हें स्वयं अपने जीवन में उतारकर समाज के सामने आदर्श प्रस्तुत किया।
बचपन से ही गुरु नानक देव जी मेहनती और कर्तव्यनिष्ठ थे। उन्होंने प्रत्येक कार्य पूरी निष्ठा और सच्चे मन से किया। सरलता के साथ जीवन जीते हुए उन्होंने समाज में व्याप्त अंधविश्वास, ऊंच-नीच, जाति-पाति और छुआछूत जैसी कुरीतियों को दूर करने का सहज मार्ग दिखाया। उन्होंने सर्वधर्म समभाव का वास्तविक अर्थ समझाते हुए बताया कि सभी धर्मों का मूल संदेश एक है और हम सभी एक ही परमात्मा की संतान हैं।
उनकी यह वाणी मानव समानता का अद्भुत संदेश देती है
अव्वल अल्लाह नूर उपाया,
कुदरत के सब बंदे।
एक नूर ते सब जग उपजया,
कौन भले, कौन मंदे।
गुरु नानक देव जी ने बताया कि सबसे बड़ा धर्म इंसानियत का धर्म है, जिसका पालन प्रत्येक व्यक्ति को हर परिस्थिति में करना चाहिए। उनका जीवन और दर्शन हमें तीन महत्वपूर्ण सिद्धांतों की शिक्षा देता है
नाम जपो, कीरत करो और वंड छको।
अर्थात् ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से मेहनत करके आजीविका कमाओ और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ मिल-बांटकर खाओ। उनका यह संदेश गीता के निष्काम कर्म और लोककल्याण की भावना से भी साम्य रखता है। उन्होंने इन सिद्धांतों को व्यवहार में उतारते हुए गुरु घरों में लंगर सेवा की परंपरा को प्रोत्साहित किया। यह परंपरा आज भी सदियों बाद निरंतर जारी है और सामाजिक समानता, सेवा तथा भाईचारे का संदेश दे रही है।
गुरु नानक देव जी की वाणी में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी मिलता है। उनकी यह पंक्ति प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का बोध कराती है
पवणु गुरु, पाणी पिता, माता धरति महतु।
अर्थात् वायु गुरु के समान है, जल पिता के समान और धरती माता के समान पूजनीय है। इस एक पंक्ति में उन्होंने प्रकृति के महत्व को कितनी सहजता और गहराई से समझाया है। हमें धरती माता, पिता स्वरूप जल, वायु, आकाश और अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखना चाहिए तथा प्रकृति के संरक्षण के लिए हरसंभव प्रयास करना चाहिए।
लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी द्वारा दिए गए उपदेशों और ज्ञान की प्रासंगिकता आज भी उतनी ही है, जितनी उस समय थी। वर्तमान समय में समाज को उनके विचारों और आदर्शों की पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है। आज जरूरत इस बात की है कि हम उनके महान जीवन और सादगीपूर्ण कार्यों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन, समाज और राष्ट्र के हित में सेवाभाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक आदर्श प्रस्तुत करता है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सादगी और सरलता के साथ रहते हुए भी मानव जीवन के सभी कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन किया जा सकता है। इसके लिए किसी विशेष दिखावे, आडंबर या बाहरी आडंबरपूर्ण प्रयासों की आवश्यकता नहीं है। सच्ची महानता हमारे विचारों, व्यवहार और कर्मों में ही निहित होती है।





