





ग्राम सेतु डॉट कॉम
नवगठित हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति के गठन के बाद अब इसके संचालन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पंचायत समिति के 19 डायरेक्टरों के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने 9 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि भाजपा को 4, माकपा को 2, आरएलपी को 1 और 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे हैं। कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है और बोर्ड गठन को लेकर उसकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है। इस बीच आम लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि नई पंचायत समिति का कार्यालय कहां संचालित होगा और इसका प्रशासनिक कामकाज कौन संभालेगा? ‘ग्राम सेतु डॉट कॉम’ ने इस संबंध में पूरी जानकारी जुटाई है।
नवगठित हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति का कार्यालय फिलहाल 2केएनजे ग्राम पंचायत भवन में संचालित होगा। इसके लिए ग्राम पंचायत के चार कमरों वाले भवन को अस्थायी कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से अभी तक पंचायत समिति के लिए न तो स्थायी कार्यालय भवन तैयार करवाया गया है और न ही स्थायी स्टाफ की व्यवस्था की गई है। ऐसे में शुरुआती दौर में ग्राम पंचायत भवन से ही पंचायत समिति का प्रशासनिक कामकाज चलाया जाएगा।
2केएनजे ग्राम पंचायत भवन को पंचायत समिति कार्यालय के रूप में तैयार किया जा रहा है। भवन में चार कमरे उपलब्ध हैं, जिनमें अलग-अलग कार्यालयीन व्यवस्थाएं की जाएंगी। कार्यालय के लिए जरूरी फर्नीचर आदि की व्यवस्था भी कर दी गई है। नए जनप्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए कार्यालयों को विधिवत तैयार किया जा रहा है, ताकि पंचायत समिति का कामकाज शुरू होने में किसी तरह की परेशानी नहीं आए।
हालांकि, यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी है। स्थायी भवन के अभाव में पंचायत समिति का संचालन ग्राम पंचायत भवन से ही होगा। भविष्य में स्थायी कार्यालय भवन को लेकर सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, यह देखना होगा। फिलहाल नई पंचायत समिति के गठन के साथ ही सीमित संसाधनों में प्रशासनिक व्यवस्था खड़ी करने की कवायद चल रही है।
जंक्शन पंचायत समिति में अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति से 9 कर्मचारियों को डेपुटेशन पर लगाया गया है। राज्य सरकार के निर्देश पर इन कर्मचारियों को नई पंचायत समिति में जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे शुरुआती प्रशासनिक कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है। डेपुटेशन पर भेजे गए कर्मचारियों में सहायक लेखाधिकारी प्रथम सुभाष शर्मा, जेईएन सुंदरलाल, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी बबीता देवी, अतिरिक्त विकास अधिकारी प्रवीण पुरोहित, सहायक विकास अधिकारी किरण कुमार, सहायक विकास अधिकारी अशोक शर्मा, कनिष्ठ सहायक सुरेंद्र कुमार, सुभाष चंद्र और भागवंती देवी शामिल हैं। इन कर्मचारियों के माध्यम से पंचायत समिति के वित्तीय, तकनीकी, प्रशासनिक और विकास संबंधी कार्यों का संचालन किया जाएगा। हालांकि, यह व्यवस्था भी फिलहाल डेपुटेशन पर आधारित है। स्थायी स्टाफ की नियुक्ति होने तक इन्हीं कर्मचारियों के भरोसे नई पंचायत समिति का कामकाज चलेगा।
नई पंचायत समिति के प्रशासनिक संचालन की जिम्मेदारी भी फिलहाल टाउन पंचायत समिति के पास रहेगी। टाउन पंचायत समिति की बीडीओ डॉ. शर्मिला छल्लाणी के पास ही जंक्शन पंचायत समिति के बीडीओ का अतिरिक्त चार्ज रहेगा। यानी नई पंचायत समिति के लिए अलग से बीडीओ की नियुक्ति नहीं की गई है। डॉ. छल्लाणी दोनों पंचायत समितियों का कामकाज संभालेंगी।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब पंचायत समिति के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के आगमन की तैयारियां की जा रही हैं। कार्यालयों को व्यवस्थित करने और जरूरी संसाधन जुटाने पर ध्यान दिया जा रहा है। बोर्ड गठन के बाद पंचायत समिति के कामकाज को औपचारिक रूप से गति मिलने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति का गठन तो हो गया है, लेकिन इसके पास फिलहाल अपना स्थायी भवन और स्वतंत्र प्रशासनिक अमला नहीं है। चार कमरों वाले ग्राम पंचायत भवन, टाउन पंचायत समिति से डेपुटेशन पर आए 9 कर्मचारियों और बीडीओ के अतिरिक्त प्रभार के सहारे नई पंचायत समिति की शुरुआत होगी। अब देखना यह है कि अस्थायी इंतजामों के बीच यह नई पंचायत समिति विकास कार्यों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में कितनी प्रभावी साबित होती है।





