



ग्राम सेतु डॉट कॉम
पंचायत चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने अब पंचायत समितियों और जिला परिषद में नेतृत्व स्थापित करने की कवायद तेज कर दी है। सोमवार को पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन, पंचायत समिति जंक्शन और जिला परिषद के नवनिर्वाचित कांग्रेस सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। जिला कलक्ट्रेट में शपथ ग्रहण के साथ ही जिले की ग्रामीण राजनीति में अगली सत्ता की लड़ाई शुरू हो गई है। अब कांग्रेस खेमे में पंचायत समिति प्रधान और जिला प्रमुख के नामों को लेकर बैठकों, चर्चाओं और राजनीतिक समीकरण साधने का दौर चल रहा है। चुनावी जीत को संगठनात्मक ताकत में बदलने के लिए पार्टी नेतृत्व निर्वाचित सदस्यों की एकजुटता और समर्थन सुनिश्चित करने में जुटा है।
कांग्रेस पार्टी के पंचायत समिति टाउन, पंचायत समिति जंक्शन और जिला परिषद के विजेता उम्मीदवार पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू, ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी, गुरमीत चन्दड़ा और पूर्व उपसभापति अनिल खिचड़ की देखरेख में जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने जिला परिषद व एसडीएम श्यामसुंदर बेनीवाल ने पंचायत समिति सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान निर्वाचित सदस्यों ने अपने पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करने और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और विजेता उम्मीदवारों में उत्साह दिखाई दिया। पंचायत चुनाव में पार्टी को मिले समर्थन के बाद अब संगठन की नजर पंचायत समितियों में प्रधान और जिला परिषद में जिला प्रमुख के पद पर अपने प्रतिनिधियों को स्थापित करने पर है। इसको लेकर पार्टी स्तर पर राजनीतिक समीकरणों, निर्वाचित सदस्यों के समर्थन और दावेदारों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं।
पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मिला जनसमर्थन कार्यकर्ताओं की मेहनत और आमजन के विश्वास का परिणाम है। जनता ने कांग्रेस के प्रत्याशियों को जीत दिलाकर विकास और जनहित की राजनीति पर भरोसा जताया है। सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें और गांवों के विकास, मूलभूत सुविधाओं तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें। कांग्रेस पार्टी सभी निर्वाचित सदस्यों के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक ने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। यह जीत कांग्रेस की एकजुटता और संगठन की मजबूती का प्रमाण है। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अब जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य करवाना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है।





