





ग्राम सेतु ब्यूरो.
खेती को अधिक लाभप्रद और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर के कृषि मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 मई से 12 जून तक पूरे देश में चलाया जाएगा। इस विशेष 15 दिवसीय अभियान का उद्देश्य किसानों को खरीफ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने, प्राकृतिक खेती को अपनाने और खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक करना है। “एक राष्ट्र, एक कृषि और एक टीम” का नारा देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वैज्ञानिक और किसान आपसी संवाद से समस्याओं को चिन्हित करेंगे, जिन पर शोध कर समाधान तैयार किए जाएंगे।
वीसी में राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने अहम सुझाव देते हुए कहा कि किसानों को खरीफ फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी गतिविधियों की भी जानकारी दी जाए, जिससे आय के अधिक स्रोत विकसित हो सकें। अभियान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि विज्ञान केन्द्रों, राज्य कृषि विभागों के वैज्ञानिक व अधिकारी, एफ.पी.ओ., स्वयं सहायता समूहों, प्रगतिशील किसान और कृषि उद्यमी सक्रिय भागीदारी करेंगे।
किसानों को इस दौरान बीजों की उन्नत किस्में, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, सरकारी योजनाएं, पशुपालन, मुर्गी पालन और मत्स्य पालन से जुड़े आधुनिक उपायों की जानकारी दी जाएगी। गांव-गांव पहुंचकर वैज्ञानिक और अधिकारी संवाद करेंगे और खेती के लाभ को कई गुना बढ़ाने के उपाय सुझाएंगे। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए राज्यों के कृषि विभागों में विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जाएंगे।



