





ग्राम सेतु डॉट कॉम
प्रेम की भी अपनी एक राजनीतिक भाषा होती है। उसमें कभी फूल होते हैं, कभी मिठास और कभी गुड़। अवसर खास हो तो केक भी कटता है और आस्था का रास्ता मंदिर तक जाता है। हनुमानगढ़ जिले के गांव चौहिलावाली स्थित बाबा रामदेव गौशाला सेवा समिति परिसर में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पहले रामदेव मंदिर पहुंचे, धोक लगाई और सांसद कुलदीप इंदौरा की लंबी उम्र की कामना की। इसके बाद गौशाला में केक कटा, बधाइयों का दौर चला और फिर गायों को गुड़ खिलाकर सांसद के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की गई। बाहर से देखने पर यह जन्मदिन का एक आत्मीय आयोजन था, लेकिन स्थानीय राजनीति की नजर से देखें तो इसमें पार्टी के भीतर की सक्रियता, नेताओं की मौजूदगी और चुनावी संदेश के कई रंग भी दिखाई दिए।
मौका कांग्रेस सांसद कुलदीप इंदौरा के जन्मदिवस का था और आयोजन को कांग्रेस सेवादल ने सेवा पर्व के उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव एवं जिला परिषद जोन नंबर 29 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रेम नायक, पूर्व पंचायत समिति सदस्य भानीराम बागड़िया, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, पूर्व सरपंच बृजलाल बिश्नोई, बलराम चोयल, उग्रसेन बिश्नोई, अंग्रेज सिंह ढिल्लों, रावतसर के पार्षद संजय पंवार, मांगीलाल शर्मा तथा कांग्रेस सेवादल के जिला सचिव एवं वार्ड नंबर 50 के पार्षद लखविंदर सिंह सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।
राजनीति में किसी नेता के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देना सामान्य शिष्टाचार है, लेकिन जब आयोजन में मंदिर, गौशाला और सेवा का भाव एक साथ जुड़ जाए तो उसका सामाजिक संदेश भी तैयार होता है। कांग्रेस नेताओं ने सांसद की लंबी उम्र की कामना के साथ गायों को गुड़ खिलाया। केक काटकर खुशी जाहिर की और इसे केवल व्यक्तिगत उत्सव के बजाय सेवा और सद्भाव से जोड़ने की कोशिश की। आयोजन में मौजूद नेताओं की सक्रियता यह भी बता रही थी कि स्थानीय स्तर पर कांग्रेस अपने जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को लगातार जीवित रखना चाहती है।
कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ‘ग्राम सेतु डॉट कॉम’ से कहते हैं, ‘सेवादल की ओर से सेवा पर्व के अवसर पर सभी कांग्रेसजनों ने उत्साहपूर्वक सांसद कुलदीप इंदौरा के स्वस्थ जीवन और लंबी उम्र की कामना की है। हनुमानगढ़ का सौभाग्य है कि उसे ऐसा सांसद मिला है, जो क्षेत्र की समस्याओं को लगातार संसद में उठाता है।’
अश्विनी पारीक ने विशेष रूप से कृषि के लिए पानी की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि सांसद कुलदीप इंदौरा किसानों के हितों की लड़ाई लगातार लड़ रहे हैं। किसानों के लिए पानी का मुद्दा हनुमानगढ़ की जीवनरेखा से जुड़ा है। ऐसे में इस सवाल को संसद तक पहुंचाना महज राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि इलाके की जरूरतों की पैरवी करना है। पारीक ने हनुमानगढ़ के लिए नई रेलगाड़ी चलाने की दिशा में सांसद के प्रयासों को भी सराहनीय बताया। उनका कहना था कि इंदौरा ऐसे जनप्रतिनिधि हैं, जो हर मौके पर जनता के बीच नजर आते हैं।
कार्यक्रम में पीसीसी सचिव व जिला परिषद के जोन नंबबर 29 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रेम नायक ने सांसद के जन्मदिन पर गायों को गुड़ खिलाकर गोसेवा की और कुलदीप इंदौरा की लंबी उम्र की कामना की। नायक ने कहा कि सांसद ने हर क्षेत्र में अग्रणी काम किया है और उनके प्रयासों का लाभ जनता को मिल रहा है।
प्रेम नायक की बातों में जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ चुनावी संदेश भी साफ सुनाई दिया। उन्होंने कहा कि सांसद कुलदीप इंदौरा के कामकाज का लाभ उन्हें जिला परिषद चुनाव के प्रचार में भी मिल रहा है। यानी सांसद की सक्रियता और क्षेत्र में उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता को स्थानीय चुनाव में भी एक सकारात्मक पूंजी के रूप में देखा जा रहा है। यह बयान उस राजनीतिक समीकरण की ओर भी इशारा करता है, जिसमें बड़े जनप्रतिनिधियों की छवि और उनके काम स्थानीय प्रत्याशियों के प्रचार को मजबूती देते हैं।
हनुमानगढ़ की राजनीति में जिला परिषद चुनाव नेताओं के प्रभाव, संगठन की पकड़ और जनसंपर्क की परीक्षा भी है। ऐसे में सांसद के जन्मदिन पर अलग-अलग क्षेत्रों के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक जगह जुटना संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देता है। खासकर तब, जब स्थानीय चुनावी मैदान में प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर समर्थन और जनाधार मजबूत करने में जुटे हों।
कार्यक्रम में ओमप्रकाश पूर्व पार्षद, रावतसर के रोहिताश धानका, राय सिंह, मघाराम, पालाराम और सुग्रीव सहित अनेक कांग्रेसजन भी उपस्थित रहे। मंदिर में धोक से शुरू हुआ आयोजन गौसेवा और शुभकामनाओं के साथ संपन्न हुआ। इस पूरे आयोजन में सबसे दिलचस्प बात यह रही कि जन्मदिन की बधाई केवल शब्दों तक सीमित नहीं रही। मंदिर में आस्था, गौशाला में सेवा, केक में मिठास और नेताओं के बयानों में राजनीतिक संदेश- सब कुछ एक ही आयोजन में समाहित था। सांसद कुलदीप इंदौरा के लिए यह समर्थकों के स्नेह का अवसर था तो स्थानीय कांग्रेस नेताओं के लिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और संगठन के साथ खड़े दिखने का भी मौका।
सियासत में हर आयोजन का कोई न कोई संदेश होता है। चौहिलावाली की गौशाला में हुआ यह आयोजन भी उसी परंपरा का हिस्सा नजर आया। यहां गायों को गुड़ खिलाया गया, सांसद की लंबी उम्र मांगी गई और उनके कामकाज की तारीफ हुई। साथ ही जिला परिषद चुनाव की जमीन पर सांसद के प्रभाव का उल्लेख कर दिया गया। अब इस आत्मीयता और राजनीतिक एकजुटता का चुनावी नतीजों में कितना असर दिखाई देगा, यह तो वक्त बताएगा। फिलहाल, जन्मदिन के बहाने कांग्रेस ने सेवा, संगठन और सियासत- तीनों को एक ही मंच पर साधने की कोशिश जरूर की।





