





ग्राम सेतु डेस्क
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल का प्रांगण उस वक्त विचारों की धार से भर उठा, जब वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत स्काउट गाइड द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जल और पर्यावरण संरक्षण पर अपनी सोच को शब्दों का रूप दिया। कक्षा-कक्ष केवल परीक्षा केंद्र नहीं, बल्कि जागरूक नागरिक गढ़ने की कार्यशाला बन गया।
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत स्काउट गाइड द्वारा सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हनुमानगढ़ में तीन वर्गों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में विजेता विद्यार्थियों को सशक्त नारी संस्थान की ओर से पुरस्कार वितरित किए गए। संस्था की बड़ी अध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और युवा पीढ़ी की भागीदारी से ही जागरूक समाज का निर्माण संभव है।
डॉ. पूजा मित्तल ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाने के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को प्रकृति संरक्षण हेतु आगे आने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रचार मंत्री रजनी अग्रवाल, रिंकल गर्ग, सुजाता सुखानी, प्रीति धमीजा, पुष्पा, मिली पठक, शिवानी स्वामी व नीतू कात्याल उपस्थित रहे। सभी सक्रिय सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं एवं जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।






