



ग्राम सेतु ब्यूरो.
ग्रामीण समस्याओं के समाधान को ज़मीनी स्तर पर परखने और प्रशासनिक ढिलाई पर लगाम कसने के उद्देश्य से पंचायत समिति टिब्बी की ग्राम पंचायत सिलवालाखुर्द में आयोजित ग्रामीण विकास समस्या समाधान ‘फॉलोअप कैम्प’ का मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओ.पी. बिश्नोई ने गहन निरीक्षण किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगे इस शिविर में विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने स्पष्ट संदेश दिया कि नामांतरण से लेकर आवास योजना, स्वच्छता, स्वास्थ्य और कृषि तक, हर लंबित प्रकरण का समाधान अब कागज़ों में नहीं, ज़मीन पर दिखाई देना चाहिए।
सीईओ ओपी बिश्नोई ने विभागवार प्रभारी अधिकारियों से शिविर में किए गए कार्यों की जानकारी ली। शिविर में राजस्व विभाग के अधिकारियों व कार्मिकों को अधिकतम नामांतरण, तकासमा, रिकॉर्ड शुद्धि इत्यादि किये जाने, ग्रामीण विकास के अधिकारियों/कार्मिकों को लंबित पट्टे जारी करने, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) व स्वच्छ भारत मिशन के प्रगतिरत व पूर्ण कार्यों का जियोटेग किया जाकर बकाया भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। चिकित्सा, कृषि, विद्युत, जलदाय, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशुपालन वगैरह के विभागीय अधिकारियों व कार्मिकों को अधिकतम आमजन को लाभांवित करने व लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश प्रदान किए गए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार टिब्बी, विकास अधिकारी पंचायत समिति टिब्बी, विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



