








ग्राम सेतु डॉट कॉम
भैरोनाथ के प्रति आस्था और श्रद्धा को समर्पित श्री भैरोनाथ युवा समिति की ओर से इस वर्ष भी भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समिति द्वारा हर साल हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन के बाहर राजस्थान भोजनालय के सामने विशाल जागरण का आयोजन किया जाता है। इस धार्मिक परंपरा ने अब शहर में अपनी अलग पहचान बना ली है।
भैरोनाथ के भक्तों ने उनके नाम से श्री भैरोनाथ युवा समिति का गठन किया और संस्था का विधिवत पंजीयन भी करवाया। समिति से जुड़े श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते हैं। इसी कड़ी में इस बार 12 सितंबर को स्टेशन रोड पर भैरोनाथ मंदिर के समीप भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है।
भजन संध्या का शुभारंभ सायं सवा आठ बजे होगा। आयोजन को लेकर मंदिर के पास भव्य दरबार सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भक्ति संगीत के साथ कलाकारों की प्रस्तुतियां और आकर्षक झांकियां कार्यक्रम को विशेष रूप देंगी।
आयोजन में बीकानेर के प्रसिद्ध कलाकार मुन्ना सरकार और मास्टर नानू शिरकत करेंगे। दोनों कलाकार अपनी भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। इसके अलावा हैप्पी आर्ट ग्रुप, मलोट के कलाकारों द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। भव्य दरबार और झांकियां आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
स्टेशन रोड पर डिवाइडर की जगह बने भैरोनाथ के छोटे मंदिर ने भी इस धार्मिक आयोजन को एक स्थायी स्वरूप दिया है। मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की आस्था लगातार जुड़ रही है। अब 12 सितंबर की भजन संध्या को लेकर समिति के सदस्य आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
समिति के पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार तैयारियों में लगे हुए हैं। समिति के अध्यक्ष नरेश पुरोहित, उपाध्यक्ष राहुल शर्मा, कोषाध्यक्ष विक्की पुरोहित, सचिव अमित अरोड़ा तथा प्रवक्ता दिनेश कुमार सहित टीलू चारण, वीरू खन्ना, प्रेम चारण, प्रेम दायमा, जसविंद्र सिंह जस्सा, मनीष सैन, ललित कुमार, राज कुमार, साहिल मेहरा, हरीश गजरा और मुकेश आदि तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। भजन संध्या में शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। भक्ति संगीत, धार्मिक झांकियां, भव्य दरबार और लॉटरी के आकर्षण के साथ इस बार का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनाने की तैयारी है। कुल मिलाकर आस्था, भक्ति और उत्सव का यह संगम 12 सितंबर की रात स्टेशन रोड पर देखने को मिलेगा।
इस बार आयोजन को लेकर समिति ने श्रद्धालुओं के लिए एक खास आकर्षण भी रखा है। भजन संध्या के दौरान भक्तों के बीच लॉटरी निकाली जाएगी। इसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। लॉटरी में प्रथम पुरस्कार ई-स्कूटी रखा गया है। वहीं द्वितीय पुरस्कार के रूप में सुजाता ज्यूसर और तृतीय पुरस्कार के रूप में डिनर सैट दिया जाएगा। इस तरह आयोजन में जहां श्रद्धालु भैरोनाथ की भक्ति में लीन होंगे, वहीं उनके लिए उपहार जीतने का अवसर भी रहेगा।







