


ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़. संयुक्त किसान मोर्चा, हनुमानगढ़ की ओर से शुक्रवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, हनुमानगढ़ जंक्शन में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में राठीखेड़ा में प्रस्तावित इथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में चल रहे किसान-मजदूर आंदोलन की आगामी रणनीति स्पष्ट की गई तथा जिला प्रशासन को 7 जनवरी तक का अल्टीमेटम दिया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के प्रमुख नेता मंगेज चौधरी ने कहा कि राठीखेड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित इथेनॉल फैक्ट्री को लेकर किसान, मजदूर और आमजन लंबे समय से विरोध जता रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 दिसंबर को हुए घटनाक्रम के दौरान शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों और ग्रामीणों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण हैं। इन मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया है।
रेशम सिंह मनु ने कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से यह जानकारी मिली है कि फैक्ट्री मालिक ने हनुमानगढ़ में इथेनॉल फैक्ट्री लगाने से इनकार कर दिया है, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई लिखित पत्र सार्वजनिक नहीं किया गया है।
जगजीत सिंह जग्गी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि 7 जनवरी तक प्रशासन लिखित रूप में यह प्रमाण नहीं देता कि हनुमानगढ़ में फैक्ट्री नहीं लगेगी तथा राठीखेड़ा फैक्ट्री प्रकरण में किसानों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की कार्रवाई नहीं की जाती, तो 7 जनवरी को संगरिया में एक विशाल किसान-मजदूर महापंचायत आयोजित कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन लिखित रूप में फैक्ट्री न लगने का पत्र संघर्ष समिति को सौंप देता है, तो 7 जनवरी को ‘जश्ने महापंचायत’ का आयोजन किया जाएगा। इसके बावजूद 7 जनवरी को संगरिया में महापंचायत अवश्य होगी, जिसमें आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और आगे की संघर्ष योजना तय की जाएगी। प्रेस वार्ता में रघुवीर वर्मा ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक फैक्ट्री के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों की जमीन, पानी, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा का सवाल है। मनप्रीत सिंह ने प्रशासन से पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरतने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी की गई, तो आंदोलन को राज्य स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बलतेज सिंह, बलराज सिंह रमाना, मिठू सिंह बराड़, बलजिंदर सिंह बराड़, गगनदीप, अंगेज चौधरी, सुभाष गोदारा, मनदीप सिंह, संदीप कंग, जाकिर हुसैन, मनप्रीत, शेर सिंह, आत्मा सिंह, बहादुर सिंह चौहान, अमरजोत सिंह सहित अनेक किसान-मजदूर संगठनों के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संयुक्त किसान मोर्चा ने मीडिया से अपील की कि इस जन आंदोलन और क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से जनता के सामने रखा जाए, ताकि किसानों की आवाज को मजबूती मिल सके।



