



ग्राम सेतु ब्यूरो.
मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 और 15 मार्च को हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में आंधी-बारिश और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के ताजा अलर्ट ने किसानों से लेकर आमजन तक को सतर्क कर दिया है, क्योंकि तेज हवा और बारिश फसलों और दैनिक जीवन दोनों को प्रभावित कर सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के असर से हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसके अलावा चूरू और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ अन्य जिलों में भी इसी तरह की मौसम गतिविधियां दर्ज हो सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव स्थानीय स्तर पर तापमान में गिरावट और उमस में कमी ला सकता है।
15 मार्च को मौसम का असर और व्यापक हो सकता है। जयपुर सहित अजमेर और भरतपुर संभाग के साथ-साथ शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में भी कहीं-कहीं आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेज हवा के कारण खुले में रखी वस्तुओं और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है।
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 से 21 मार्च के बीच एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से आंधी-बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। यानी मार्च का दूसरा पखवाड़ा भी पूरी तरह सूखा नहीं रहने वाला।
मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है। आगामी एक सप्ताह तक राजस्थान के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बने रहने की संभावना है। इससे हीटवेव से फिलहाल राहत जारी रहेगी। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो फलोदी में 24.8 डिग्री और बाड़मेर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





