





ग्राम सेतु ब्यूरो.
प्री-डीएलएलड परीक्षा का आयोजन 20 मई को जिला मुख्यालय स्थित 14 परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में किया जाएगा। पहली पारी प्रातः 9.00 बजे से 12.00 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 2.30 बजे से 5.30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिला समन्वयक एवं राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम पाल अहरोदिया ने बताया कि जिले में दोनों पारियों में कुल 10,088 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रथम पारी में 5,044 तथा द्वितीय पारी में भी 5,044 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों का प्रवेश प्रातः 7.30 बजे से शुरू होगा तथा 8.30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं दूसरी पारी में प्रवेश दोपहर 1.00 बजे से 2.00 बजे तक ही मान्य होगा। निर्धारित समय के बाद आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र के साथ मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के रूप में वोटर आईडी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड में से कोई एक लाना जरूरी है। मूल फोटो आईडी के अभाव में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। साथ ही, परीक्षार्थियों को एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लानी होगी। यदि किसी अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड में नाम या जन्मतिथि में अंतर है, तो उसे माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की अंकतालिका साथ लानी होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र पर संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला सह-समन्वयक विनोद कुमार सांखला ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता और शांति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं समन्वयक कार्यालय द्वारा उड़नदस्तों का गठन किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 2 से 4 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
परीक्षार्थी अपने साथ मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कैलकुलेटर, घड़ी, कागज या चिट जैसी कोई भी सामग्री नहीं लाएंगे। ओएमआर शीट भरने के लिए केवल नीले या काले रंग की पारदर्शी स्याही वाला बॉल प्वाइंट पेन ही मान्य होगा। पीने के पानी के लिए केवल पारदर्शी बोतल लाने की अनुमति होगी। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कडेला ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के बाद तीन घंटे से पहले किसी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थी प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी अपने साथ ले जा सकेंगे।
परीक्षा के जिला नोडल अधिकारी एवं एडीएम उम्मेदी लाल मीणा ने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी, सुझाव या शिकायत के लिए परीक्षार्थी जिला समन्वयक कार्यालय के दूरभाष नंबर 9461372510, 8769343435, 8696808944 पर संपर्क कर सकते हैं।






