





ग्राम सेतु डॉट कॉम
हाथों में झाड़ू, चेहरे पर सेवा का संकल्प और राष्ट्रपिता के विचारों को धरातल पर उतारने का उत्साह। महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर हनुमानगढ़ की गलियों में कुछ ऐसा ही प्रेरक नजारा देखने को मिला। कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने केवल औपचारिकता निभाने के बजाय स्वयं झाड़ू थामकर सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर जमा कचरे को साफ किया और श्रमदान की वास्तविक मिसाल पेश की। बापू और शास्त्री जी के आदर्शों को याद करते हुए सेवादल कार्यकर्ताओं ने साफ-सफाई के साथ आमजन को यह सीधा संदेश दिया कि स्वच्छता कोई एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा नैतिक दायित्व और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है।
कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू थामकर सार्वजनिक गलियों में साफ-सफाई की तथा जगह-जगह बिखरे कचरे को एकत्र कर उसका निस्तारण किया। कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने का आह्वान किया।
कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों में श्रमदान (शारीरिक श्रम) केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने का आधार और नैतिक कर्तव्य था। गांधी जी का मानना था कि जो व्यक्ति समाज से लेता है, उसे अपने शारीरिक श्रम के ज़रिए समाज को कुछ लौटाना भी चाहिए। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना था। गांधी जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को व्यवहार में उतारने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक होना होगा। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने और अपने आसपास नियमित रूप से सफाई रखने की आदत विकसित करना जरूरी है।
पारीक ने कहा कि कांग्रेस सेवादल का उद्देश्य समाज के बीच सेवा, सहयोग और जनजागरूकता की भावना को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य के तहत कार्यकर्ताओं ने स्वयं श्रमदान करते हुए सफाई अभियान में भाग लिया।
लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए पारीक ने कहा कि जय जवान जय किसान का नारा देते हुए शास्त्री जी ने जी ने 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों और देश का पेट भरने वाले किसानों में आत्मविश्वास भरने वाले उनके ऐतिहासिक नारे को आज देश भर में विशेष रूप से याद किया जा रहा है। पारीक ने कहा कि जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आमजन मिलकर स्वच्छता के लिए आगे आते हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है।
स्वच्छता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने गलियों में झाड़ू लगाई और नालियों व सार्वजनिक स्थानों के आसपास जमा कचरे को हटाया। एकत्रित कचरे को निर्धारित स्थान तक पहुंचाकर उसका निस्तारण किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे घरों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का भी ध्यान रखें तथा कचरा इधर-उधर न फेंककर निर्धारित स्थान पर ही डालें।
अभियान में कांग्रेस सेवादल के संगठन महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, जिला महासचिव इशाक चायनान, जिला सचिव एवं वार्ड 50 के पार्षद लखविंदर सिंह, जिला सह सचिव राजप्रकाश रोहिल्ला सहित राजदीप, राकेश कुमार और आजम खान मौजूद रहे। सभी ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।





