




ग्राम सेतु ब्यूरो.
श्री कृष्ण गौ सेवा सुंदरकांड मंडल ने घायल एवं बीमार गोवंश की सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम निर्णय लिया है। मंडल द्वारा गोपाष्टमी के पावन अवसर पर एक नई अत्याधुनिक गौ-सेवा एंबुलेंस को गोवंश की सेवा में समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस एंबुलेंस के माध्यम से शहर एवं आसपास के 15 से 20 किलोमीटर क्षेत्र में कहीं भी घायल या बीमार गोवंश को शीघ्र उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। यह निर्णय हनुमानगढ़ स्थित श्री कृष्ण गौ सेवा आश्रम की नंदीशाला में आयोजित मंडल की बैठक में लिया गया। कोषाध्यक्ष मगन लखोटिया ने गत वर्ष के आय-व्यय विवरण एवं मंडल द्वारा किए गए विभिन्न सेवा कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
गौसेवक राज तिवाड़ी ने बताया कि प्रस्तावित गौ-एंबुलेंस की लागत लगभग 14 लाख रुपये है। अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता’, इसलिए इस पुनीत कार्य के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विशेष जनसहयोग अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, जिसके तहत आमजन से आर्थिक सहयोग प्राप्त किया जाएगा।
गौसेवक संजीव शर्मा व महेश शर्मा ने बताया कि एंबुलेंस सेवा शुरू होने के बाद अगले चरण में गोवंश के सर्वाेत्तम उपचार के लिए आश्रम स्थित हॉस्पिटल को अपग्रेड करने की योजना पर भी कार्य आरंभ किया जाएगा, ताकि गंभीर रूप से घायल एवं बीमार पशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
गौसेवक सुरेंद्र यादव व अनुज शर्मा ने बताया कि बैठक में अधिक से अधिक लोगों को मंडल का मासिक एवं वार्षिक सदस्य बनाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। गौसेवक राजीव अग्रवाल, मनीष कौशिक, शक्ति गर्ग, मनोज शर्मा, लालचंद शर्मा, विकास शर्मा, निशांत वरिष्ठ, परमेश्वर, राकेश सिंगला व अंकित सिंगला आदि का मानना है कि नियमित सदस्यता से न केवल आर्थिक स्थिरता आएगी, बल्कि समाज की सहभागिता भी मजबूत होगी। उपस्थित सदस्यों ने गौसेवा से जुड़े कार्यों को और अधिक व्यापक बनाने तथा जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में आगामी अगस्त माह में संगीतमय 11 दिवसीय श्री रामचरितमानस पाठ के भव्य आयोजन का प्रस्ताव भी रखा गया। इस प्रस्ताव पर सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। तय किया गया कि कार्यक्रम को भक्ति, अनुशासन और सेवा भाव के साथ आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग गौसेवा से जुड़ सकें।
मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि सुंदरकांड एवं रामायण पाठ के दौरान प्राप्त होने वाली चढ़ावा एवं दान राशि का उपयोग मंडल द्वारा संचालित श्री कृष्ण गौ सेवा आश्रम एवं नंदीशाला में आश्रय प्राप्त घायल एवं बीमार गोवंश के उपचार, चिकित्सा सुविधाओं तथा हरे चारे की व्यवस्था में किया जाता है। इसी निस्वार्थ सेवा भाव के कारण मंडल लंबे समय से गौवंश संरक्षण एवं सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
बैठक में मगन लखोटिया, सुरेंद्र यादव, राज तिवाड़ी, महेश शर्मा, संजीव शर्मा, अनुज शर्मा, राजीव अग्रवाल, मनीष कौशिक, शक्ति गर्ग, मनोज शर्मा, लालचंद शर्मा, विकास शर्मा, कमल शर्मा, निशांत वशिष्ठ, परमेश्वर, राकेश सिंगला, अंकित सिंगला सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में गौसेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक बनाने का संकल्प लिया और जनसहयोग से गौ-एंबुलेंस सेवा को शीघ्र साकार करने का भरोसा जताया।







