




ग्राम सेतु ब्यूरो
पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों से पहले राज्य सरकार ने हनुमानगढ़ जिले के लिए सड़क संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी सौगात दी है। बजट वर्ष 2026-27 की घोषणाओं के तहत जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 54.10 करोड़ रुपये की लागत से 174.75 किलोमीटर लंबाई की 65 नई सड़कों के निर्माण को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों के अनुसार भादरा विधानसभा क्षेत्र में पांच संपर्क-विहीन मार्ग तथा आठ कच्चे मार्गों सहित कुल 13 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों की कुल लंबाई 27.40 किलोमीटर होगी, जिस पर 12.04 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सात संपर्क-विहीन मार्ग तथा नौ कच्चे मार्गों सहित कुल 16 सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। यहां 29.76 किलोमीटर लंबाई की सड़कों पर 10.93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नोहर विधानसभा क्षेत्र में दो संपर्क-विहीन मार्ग और छह कच्चे मार्गों सहित कुल आठ सड़कें बनाई जाएंगी। इनकी कुल लंबाई 41.60 किलोमीटर होगी तथा इस कार्य पर 9.93 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र में छह संपर्क-विहीन मार्ग तथा आठ कच्चे मार्गों सहित कुल 14 सड़कों का निर्माण होगा। यहां 33.94 किलोमीटर लंबाई की सड़कों पर 10.05 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
संगरिया विधानसभा क्षेत्र में पांच संपर्क-विहीन मार्ग तथा नौ कच्चे मार्गों सहित कुल 14 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इस क्षेत्र में 42.05 किलोमीटर लंबाई की सड़कों के निर्माण पर 11.15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
राज्य सरकार के अनुसार यह स्वीकृति प्रदेशभर में सड़क संपर्क को सुदृढ़ बनाने की व्यापक योजना का हिस्सा है। बजट वर्ष 2026-27 की घोषणाओं के अंतर्गत उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने प्रदेश के 187 विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क-विहीन तथा कच्चे मार्गों के विकास से जुड़े 3,232 सड़क निर्माण कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों पर कुल 2,101.16 करोड़ रुपये की लागत से 6,418.43 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क संपर्क को मजबूत करने, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन को सुगम बनाने तथा आधारभूत अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव, कस्बे और शहर को गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क से जोड़ना है, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार जैसी मूलभूत सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान हो सके। हनुमानगढ़ जिले में स्वीकृत नई सड़क परियोजनाओं से न केवल आवागमन की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।







