



ग्राम सेतु ब्यूरो.
विप्र फाउंडेशन के संगठन विस्तार के तहत नगरपरिषद के पूर्व उपसभापति कालूराम शर्मा को हनुमानगढ़ जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व पार्षद महेश शर्मा को जिला संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नियुक्तियां प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. दीपक हर्ष ने प्रदेशाध्यक्ष धनसुख सारस्वा की अनुशंसा पर की हैं। नियुक्ति की घोषणा के बाद जिले के विप्र समाज और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कालूराम शर्मा ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जिलेभर के विप्र समाज को एकजुट करना, संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाना तथा समाज के युवाओं और बुद्धिजीवियों को संगठन से जोड़ना होगी। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए समाजहित के कार्यों को गति दी जाएगी। शिक्षा, सामाजिक समरसता, युवा सहभागिता और समाज के जरूरतमंद वर्गों के सहयोग जैसे विषयों पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।
जिला संगठन महामंत्री नियुक्त किए गए महेश शर्मा ने भी संगठन नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूत बनाने और प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य करेगी।
संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि कालूराम शर्मा के लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभव और महेश शर्मा की संगठनात्मक सक्रियता का लाभ विप्र फाउंडेशन को मिलेगा। आने वाले समय में जिलेभर में सदस्यता अभियान, सामाजिक कार्यक्रमों और जनकल्याण गतिविधियों के माध्यम से संगठन का विस्तार किया जाएगा। विप्र फाउंडेशन की इन नियुक्तियों को जिले में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए पदाधिकारियों के नेतृत्व में समाज को संगठित करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को नई गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।






