




ग्राम सेतु ब्यूरो
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज कैंपस 9 अगस्त को जनसेवा और सामाजिक सरोकारों का एक नया इतिहास रचने जा रहा है। अवसर है, भटनेर किंग्स क्लब के 9वें स्थापना दिवस का, जिसे इस बार केवल एक उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, मानवता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति के एक बड़े जनआंदोलन के रूप में मनाया जा रहा है।
स्थापना दिवस सप्ताह के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला में सबसे मुख्य आकर्षण 9 अगस्त को आयोजित होने वाला विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर होगा। कार्यक्रम की तैयारियों और इसके सामाजिक प्रभाव को रेखांकित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने पोस्टर का विमोचन किया तथा रक्तदान को सबसे बड़ा महादान बताते हुए आमजन से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
संरक्षक आशीष विजय ने कहा कि भटनेर किंग्स क्लब की नींव ही निस्वार्थ सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के संकल्प पर रखी गई थी। यह 7वां स्थापना दिवस हमारे लिए केवल एक संख्या या सालगिरह का जश्न नहीं है। यह समाज के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराने का माध्यम है। 9 अगस्त को आयोजित होने वाला रक्तदान शिविर हनुमानगढ़ के इतिहास में एक मिसाल कायम करेगा। हमारा प्रयास है कि कोई भी मरीज रक्त की कमी से न जूझे। इस स्थापना दिवस सप्ताह के माध्यम से हम युवाओं को राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आशीष विजय ने जोर देकर कहा कि क्लब का प्रत्येक कार्यकर्ता और सदस्य इस अभियान को एक उत्सव की भांति मना रहा है और हर घर तक रक्तदान व सामाजिक सेवा का संदेश पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने कहा कि इस बार स्थापना दिवस को अधिक प्रभावी, व्यापक और जनभागीदारी वाला बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। हमारी पूरी टीम में जबरदस्त उत्साह है। संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी और सदस्य को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। विशाल रक्तदान शिविर के अलावा पूरा सप्ताह सामाजिक गतिविधियों को समर्पित रहेगा। हमारा उद्देश्य है कि इस आयोजन से समाज का प्रत्येक वर्ग जुड़े और सकारात्मक बदलाव का हिस्सा बने। अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने बताया कि स्थापना दिवस सप्ताह केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रतिदिन एक विशेष सेवा व जनजागरण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित बैठक में कोषाध्यक्ष दारा सिंह एवं सचिव सतनाम सिंह सहित क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने बहुमूल्य सुझाव दिए। इस अवसर पर कपिल गोयल, एडवोकेट गणेश गिल्होत्रा, राज तिवाड़ी, अजय शर्मा, राकेश मल्होत्रा, लेखराज गिरधर, पवन राठी, हरजिन्द्र सिंह, राजविन्द्र सिंह, लक्की, गुरमंगत सिंह, इन्द्र सिंधी, संदीप सहारण, संजय कौशिक, सुनील नंदा, मितेश स्वामी, अमित कुमार, महक गर्ग, मनीष अरोड़ा एवं गौरव बेनीवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि इस 9वें स्थापना दिवस को हनुमानगढ़ का सबसे सफल और प्रेरक सेवा अभियान बनाया जाएगा, ताकि समाज में मानवता और सेवा की नई अलख जगाई जा सके।







