





ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ जिले के भादरा तहसील क्षेत्र के गांव नेठराना में करीब छह माह पहले हुए अभिषेक शर्मा हत्याकांड में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर सर्व ब्राह्मण महासभा ने पुलिस प्रशासन से जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। महासभा के जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य को ज्ञापन सौंपकर हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा की 10 फरवरी 2026 को हत्या कर दी गई थी। घटना को करीब छह माह बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। मामले की जांच एसआईटी द्वारा भी की जा रही है, इसके बावजूद पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने से समाज में नाराजगी बनी हुई है।
जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के पदभार संभालने के बाद पीड़ित परिवार और समाज को उम्मीद जगी थी कि अभिषेक हत्याकांड में पुलिस प्रभावी कार्रवाई करेगी और लंबे समय से फरार हत्यारे जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उन्होंने कहा कि छह माह का समय बीत जाना गंभीर विषय है। परिवार लगातार न्याय की उम्मीद में पुलिस प्रशासन की ओर देख रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोगामेड़ी पुलिस थाने के सामने एक माह से अधिक समय तक लगातार धरना भी दिया गया था। धरने के बावजूद अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आने से पीड़ित परिवार और समाज में असंतोष है।
महासभा ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि हत्याकांड की जांच सभी संभावित एंगल से गहनता से कराई जाए। तकनीकी साक्ष्यों, उपलब्ध रिकॉर्ड और अन्य वैज्ञानिक तरीकों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मामला अब क्षेत्र की ज्वलंत समस्या बन चुका है और जनता में आक्रोश है। ऐसे में पुलिस को मामले को गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष दुर्गाप्रसाद शर्मा के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि यह मामला उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और जल्द ही सकारात्मक कार्रवाई देखने को मिलेगी।
अभिषेक हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने के साथ ही सर्व ब्राह्मण महासभा ने जिले में नशे और सट्टे के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान की खुलकर सराहना की। ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य को स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।
महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने जिस गंभीरता और सक्रियता से नशे तथा सट्टे के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है, वह सराहनीय है। समाज को उम्मीद है कि इसी गंभीरता के साथ अभिषेक शर्मा हत्याकांड की जांच को भी आगे बढ़ाया जाएगा और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट रामानंद बोहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं लोक अभियोजक मनोज कुमार शर्मा, संगठन महासचिव चन्द्रभान तिवारी, प्रमुख पदाधिकारी आशीष पारीक, नरेन्द्र कुमार सारस्वत, उपाध्यक्ष एडवोकेट अनिल शर्मा, संगठन मंत्री मूलचंद शर्मा, संगठन मंत्री राजीव मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष अशोक व्यास, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम कौशिक, जिला कार्यकारिणी सदस्य नरेश कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव लोकराज शर्मा, संयुक्त सचिव सुबोध शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
महासभा ने स्पष्ट किया कि नशे और सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का समाज स्वागत करता है, लेकिन अभिषेक शर्मा हत्याकांड में लंबे समय से गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है। अब पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद पीड़ित परिवार और समाज को मामले में ठोस और निर्णायक कार्रवाई का इंतजार है।







