





ग्राम सेतु ब्यूरो.
विप्र फाउंडेशन की ओर से इंदु तिवाड़ी को वर्ष 2026-2028 के लिए हनुमानगढ़ जिला अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ नियुक्त किया गया है। विप्र फाउंडेशन जोन 1-बी, बीकानेर की ओर से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ चंद्रकला आचार्य की अनुशंसा तथा प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत एवं बीकानेर जोन प्रभारी मुकेश जी रामपुरा की स्वीकृति के बाद यह नियुक्ति की गई है। उनका कार्यकाल 31 मार्च 2028 तक रहेगा।
विप्र फाउंडेशन के प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. दीपक हर्ष की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में विश्वास जताया गया है कि इंदु तिवाड़ी के नेतृत्व, सामाजिक सक्रियता और समर्पण से महिला प्रकोष्ठ को हनुमानगढ़ जिले में नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। साथ ही महिलाओं को संगठन से जोड़ने और उनकी सक्रिय भागीदारी मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।
नियुक्ति के बाद इंदु तिवाड़ी ने संगठन के प्रदेश एवं जोन नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता हनुमानगढ़ जिले में महिला प्रकोष्ठ का मजबूत और सक्रिय संगठन खड़ा करना होगी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें सामाजिक गतिविधियों में आगे लाया जाएगा। इसके साथ ही महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को गति दी जाएगी।
इंदु तिवाड़ी ने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा और क्षमता को मंच उपलब्ध कराना भी उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। इसके लिए क्षेत्रवार संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। जरूरतमंद महिलाओं की समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के जिलाध्यक्ष कालूराम शर्मा सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में नियमित बैठकें, सामाजिक सेवा कार्यक्रम, महिला जागरूकता अभियान और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनका प्रयास रहेगा कि महिला प्रकोष्ठ केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित न रहकर समाज के लिए उपयोगी और सक्रिय मंच के रूप में अपनी पहचान बनाए।
इंदु तिवाड़ी ने प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकला आचार्य, प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत, जोन प्रभारी मुकेश रामपुरा, प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. दीपक हर्ष व जिलाध्यक्ष कालूराम शर्मा सहित सभी पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि वह सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी क्षमता से कार्य करेंगी।







