







ग्राम सेतु डॉट कॉम
राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय, हनुमानगढ़ की सहायक आचार्य एवं शिक्षाविद् डॉ. अर्चना गोदारा को प्रतिष्ठित प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। थार सर्वाेदय संस्थान, सिम्पली जयपुर और रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. गोदारा ने यह सम्मान प्राप्त किया।
शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, विद्यार्थियों के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर निरंतर सक्रिय लेखन के लिए डॉ. गोदारा की पहचान एक शिक्षाविद् के साथ-साथ संवेदनशील लेखिका के रूप में भी बनी है। शिक्षण कार्य के साथ वे सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर अपनी लेखनी के माध्यम से भी निरंतर विचार रखती हैं।
डॉ. अर्चना गोदारा के लेखन का दायरा नारी विमर्श, परिवार, बदलती जीवन शैली और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों तक विस्तृत है। उनके आलेख समय-समय पर विभिन्न मीडिया संस्थानों में प्रमुखता से प्रकाशित होते रहे हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक बदलावों, पारिवारिक मूल्यों और वर्तमान समय में महिलाओं की भूमिका जैसे विषयों पर गंभीर चिंतन देखने को मिलता है। यही कारण है कि शिक्षण के साथ उनका लेखकीय पक्ष भी पाठकों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुका है।
विशेष रूप से भटनेर पोस्ट मीडिया ग्रुप से संबद्ध अखबार, मैगजीन और वेबसाइट में डॉ. अर्चना गोदारा के आलेख नियमित रूप से प्रकाशित होते हैं। उनके लेखों के माध्यम से पाठकों को समसामयिक सामाजिक विषयों पर विचार करने और बदलते परिवेश को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिलता है। शिक्षा और लेखन के क्षेत्र में उनकी सक्रियता ने उन्हें एक ऐसे व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया है, जो कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर समाज के व्यापक मुद्दों पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अर्चना गोदारा ने आयोजक संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवार्ड 2026 उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि शिक्षा और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक गंभीरता से निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने थार सर्वाेदय संस्थान, सिम्पली जयपुर और रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट का धन्यवाद करते हुए कहा कि शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों को बेहतर दिशा देना और एक संवेदनशील एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देना उनके लिए सदैव प्राथमिकता रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान उसके विद्यार्थियों का विश्वास और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता है। ऐसे सम्मान शिक्षक को अपने कार्य के प्रति और अधिक समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने अपने सहकर्मियों, विद्यार्थियों, परिवारजनों और उन सभी शुभचिंतकों का भी आभार जताया, जिन्होंने निरंतर उनका उत्साह बढ़ाया और लेखन एवं शिक्षण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. अर्चना गोदारा ने कहा कि वे भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक सरोकारों और लेखन के माध्यम से समाज के महत्वपूर्ण विषयों को सामने लाने का प्रयास जारी रखेंगी। उनका मानना है कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और समाज के भविष्य को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है।
भटनेर पोस्ट मीडिया ग्रुप ने दी बधाई
डॉ. अर्चना गोदारा को मिले इस सम्मान पर भटनेर पोस्ट मीडिया ग्रुप ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कार्यकारी अध्यक्ष निराला झा ने कहा कि डॉ. गोदारा ने शिक्षण के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर सार्थक लेखन के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। प्रिंसिपल्स एंड टीचर्स अवार्ड 2026 उनके समर्पण, सक्रियता और बहुआयामी प्रतिभा का सम्मान है। समूह ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी अपनी लेखनी और शिक्षण कार्य से समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।







