









ग्राम सेतु डॉट कॉम
रविवार की शाम जैसलमेर में माहौल कुछ अलग ही नजर आया। भगवान महावीर तीर्थ उत्कर्ष भवन में सजे मंच पर एक के बाद एक मेधावी विद्यार्थियों के नाम पुकारे जा रहे थे और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता था। किसी के चेहरे पर उपलब्धि की चमक थी तो किसी अभिभावक की आंखों में अपने बच्चे की सफलता का गर्व साफ दिखाई दे रहा था। भाषणों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच शिक्षा, संस्कार और मेहनत का संदेश वातावरण में घुला रहा। मौका था गौरवोत्सव प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का, जहां 1500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहन दिया गया।
श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय यानी एसकेडीयू हनुमानगढ़ के तत्वावधान में छात्र कल्याण क्लब ‘स्पंदन’ के अंतर्गत संचालित सद्भाव क्लब के संयोजन में गौरवोत्सव प्रतिभा सम्मान समारोह भगवान महावीर तीर्थ उत्कर्ष भवन, मलका पोल, पटवा हवेली पार्किंग के सामने किया गया। समारोह में दसवीं, बारहवीं एवं स्नातक स्तर पर 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 1500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों को ही मंच नहीं मिला, बल्कि वर्ष 2025 में सरकारी नौकरी में चयनित युवाओं तथा सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।
श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय एवं सैनिक स्कूल हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में पिछले कई वर्षों से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जैसलमेर में आयोजित इस समारोह ने बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों को एक मंच पर जोड़ा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया। इसके बाद स्थानीय बच्चों ने भाषण और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को खूब प्रभावित किया। गुरुजनों एवं अभिभावकों की मौजूदगी ने विद्यार्थियों के लिए इस अवसर को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहने की सीख दी। उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण को जीवन की सफलता के लिए जरूरी बताया। वक्ताओं का कहना था कि प्रतिभा तभी सार्थक परिणाम देती है, जब उसके साथ निरंतर मेहनत, सही दिशा और मजबूत चरित्र जुड़ा हो।
श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने से नहीं मिलती। अनुशासन, सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और निरंतर परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने तथा कठिन परिस्थितियों में भी संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, जंक फूड से दूरी रखने और संतुलित खानपान पर ध्यान देने की सलाह भी दी।
विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में 12 हजार से अधिक विद्यार्थी विश्वविद्यालय से जुड़े हुए हैं, जिनमें विदेशी विद्यार्थी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने योग के क्षेत्र में विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है तथा हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर का कृषि मेला भी आयोजित किया गया। खेलों के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने 100 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त आधार है। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा का उपयोग समाज और देश के विकास में करना चाहिए।
विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि प्रतिभाओं की समय पर पहचान और उन्हें उचित मंच मिलना बेहद जरूरी है। गौरवोत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति और अधिक समर्पित होने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना होगा।
समारोह में श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार दवे, किशन लाल झाखड़, गोविंद नारायण विजय, बिशन सिंह राठौड़, जैसलमेर सीआई प्रेमाराम, बलराम यादव, मदन विश्नोई एवं बीएसएफ से सुनील कुमार सहित अनेक शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित करने की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विभूति नारायण, डॉ. अभिषेक संचोरा (डीन स्पोर्ट्स), सुनील बिरट, पवन स्वामी, चंद्रपाल वर्मा, सुनील लिम्बा, अरविंद धामू, संदीप, आरिफ, सलीम, अनमोल, हितेश स्वामी, ज्ञान प्रकाश, संजीव बिरट एवं प्रदीप सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन अनिल जिज्ञासु ने किया।







