





ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी कार्यक्रम घोषित किए जाने के साथ ही ग्रामीण अंचलों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे चुनावी खाके की आधिकारिक जानकारी साझा की। हनुमानगढ़ जिले में पंचायतीराज चुनाव दो अलग-अलग चरणों तीसरे और चौथे चरण में संपन्न करवाए जाएंगे। इस घोषणा के साथ ही जिले के ग्रामीण इलाकों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। गांव की चौपालों से लेकर राजनीतिक दलों के दफ्तरों तक दावेदार अपनी गोटियां बिठाने में जुट गए हैं।
दो चरणों में बंटा हनुमानगढ़ का चुनावी क्षेत्र
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक जिले की विभिन्न पंचायत समितियों को दो चरणों में विभाजित किया गया है।
तीसरे चरण के क्षेत्र: हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा और राजपुरा पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान तीसरे चरण के तहत कराया जाएगा।
चौथे चरण के क्षेत्र: संगरिया, रावतसर, टिब्बी और हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति क्षेत्र में चौथे चरण में चुनावी प्रक्रिया पूरी होगी।
जिला परिषद डायरेक्टर: 8 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
जिला परिषद डायरेक्टर पद के चुनाव के लिए समय-सारणी निर्धारित कर दी गई है।
नामांकन दाखिला: 8 अक्टूबर से प्रक्रिया शुरू होगी और 13 अक्टूबर दोपहर 3.00 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्र सुबह 10.00 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
संवीक्षा (जांच): 14 अक्टूबर को प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच होगी।
नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह आवंटन: 15 अक्टूबर दोपहर 3.00 बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होते ही प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।
पंचायत समिति डायरेक्टर: दोनों चरणों का विस्तृत शेड्यूल
पंचायत समिति सदस्यों (डायरेक्टर) के पदों के लिए दोनों चरणों का चुनावी कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
चरण नामांकन अवधि जांच नाम वापसी मतदान तिथि
तीसरा चरण 19 से 23 अक्टूबर 24 अक्टूबर 26 अक्टूबर 4 नवंबर
चौथा चरण 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 5 नवंबर 6 नवंबर 14 नवंबर
सरपंच और पंच चुनाव: गांव की सरकार चुनने का कार्यक्रम
गांव स्तर पर वार्ड पंच और ग्राम पंचायत सरपंच पद के लिए भी कार्यक्रम तय हो चुका है। ग्रामीण मतदाताओं की सीधी भागीदारी वाले इस चुनाव में नामांकन और मतदान की तिथियां इस प्रकार हैं। नामांकन की अवधि तीसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 19 अक्टूबर से शुरू होकर 5 नवंबर तक चलेगी। वहीं चौथे चरण के लिए नामांकन पत्र 31 अक्टूबर से 15 नवंबर तक दाखिल किए जा सकेंगे। तीसरे चरण के क्षेत्रों में 5 नवंबर को और चौथे चरण के क्षेत्रों में 14 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। पंच और सरपंच पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों/मुख्यालय पर पूरी कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। तीसरे चरण के अंतर्गत आने वाली पंचायतों में उप सरपंच का चुनाव 7 नवंबर को तथा चौथे चरण की पंचायतों में 17 नवंबर को संपन्न होगा।
मतदान व मतगणना का टाइमलाइन
जिले में जिला परिषद व पंचायत समिति डायरेक्टर पद के लिए मतदान अलग-अलग दिनों में होगा, परंतु इनकी मतगणना एक ही दिन रखी गई है। डायरेक्टर पदों के लिए तीसरे चरण का मतदान 4 नवंबर को और चौथे चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति डायरेक्टर पदों के सभी मतों की गिनती 20 नवंबर को की जाएगी।
जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव
डायरेक्टर पदों के परिणाम आने के बाद शीर्ष पदों पर काबिज होने के लिए राजनीतिक जोर-आजमाइश शुरू होगी। बोर्ड गठन और शीर्ष पदों के लिए आयोग ने अंतिम सप्ताह की तिथियां तय की हैं। 25 नवंबर को जिला प्रमुख का चुनाव, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव, 27 नवंबर को प्रधान व 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव होगा।
प्रशासन मुस्तैद, चुनावी चौपालें गुलजार
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही हनुमानगढ़ जिला प्रशासन और पुलिस तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रबंध और आदर्श आचार संहिता की पालना के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों की चर्चाएं अब सिर्फ वार्ड पंच, सरपंच, डायरेक्टर और प्रधान के संभावित चेहरों पर केंद्रित हो गई हैं।





