




ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ जिला परिषद और 10 पंचायत समितियों के घोषित चुनाव परिणामों ने जिले के सियासी समीकरणों को पूरी तरह उलट दिया है। सत्ताधारी भाजपा जिले की एक भी पंचायत समिति में बहुमत के आंकड़े के करीब तक नहीं पहुंच सकी है, वहीं कांग्रेस ने जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए अपना एकतरफा दबदबा कायम किया है। इन चुनावों में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी जोरदार वापसी कर बड़ा सियासी संदेश दिया है, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने भी खाता खोलकर जिले की राजनीति में अपनी एंट्री दर्ज करा दी है। जिला परिषद की कुल 37 सीटों में से 26 सीटों पर कब्जा जमाकर कांग्रेस ने नया रिकॉर्ड कायम किया है, जबकि सत्ताधारी भाजपा महज 7 सीटों पर सिमट कर रह गई है। सबसे चौंकाने वाला प्रदर्शन माकपा का रहा है, जिसने जिला परिषद में पहली बार 4 सीटें जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी का अहसास कराया है।
जिले की 10 पंचायत समितियों के कुल 208 वार्डों के परिणाम भी भाजपा के लिए निराशाजनक रहे हैं। इन 208 सीटों में से कांग्रेस ने सर्वाधिक 104 सीटों पर परचम लहराया है। वहीं, भाजपा 46 और माकपा 36 सीटों पर रही है, जबकि 20 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी है। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो सत्ताधारी भाजपा अब जिले की पंचायती राज संस्थाओं में माकपा की ताकत से महज कुछ ही कदम आगे रह गई है। विधानसभा क्षेत्रवार परिणामों का विश्लेषण करें तो भाजपा की सबसे बड़ी दुर्गति पीलीबंगा और रावतसर क्षेत्रों में हुई है, जहां उसे क्रमशः मात्र 3 और 2 सीटों से संतोष करना पड़ा है। भाजपा को सर्वाधिक 11 सीटें नोहर क्षेत्र से हासिल हुई हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस ने पीलीबंगा और टिब्बी पंचायत समितियों में सर्वाधिक 17-17 सीटें जीतकर क्लीन स्वीप जैसा प्रदर्शन किया है। हालांकि, भादरा में कांग्रेस को मात्र 1 सीट मिली और राजपुरा पंचायत समिति में वह अपना खाता भी नहीं खोल सकी। इधर, भादरा और राजपुरा क्षेत्र में माकपा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए क्रमशः 15 और 14 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि पल्लू में उसे 1 सीट मिली है। दिलचस्प पहलू यह रहा कि राठीखेड़ा आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने के बावजूद टिब्बी पंचायत समिति में माकपा का खाता नहीं खुल सका। वहीं, हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र की दोनों पंचायत समितियों (हनुमानगढ़ जंक्शन और हनुमानगढ़ टाउन) में एक-एक सीट जीतकर आरएलपी ने भी जिले की राजनीति में अपनी दस्तक दे दी है। पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, हनुमानगढ़ की पूर्व प्रधान शिमला कस्वां, कांग्रेस नेता सोहन ढिल की भाभी सुनीता ढिल, भाजपा नेता अशोक जोइया की पत्नी सरोज जोइया आदि को हार का सामना करना पड़ा है।
पंचायतीराज चुनाव के नतीजों ने जिले की ग्रामीण राजनीति का पूरा गणित बदल दिया है। जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक मतदाताओं ने कांग्रेस के पक्ष में ऐसा जनादेश दिया है कि भाजपा के लिए ग्रामीण सत्ता में वापसी के दरवाजे बंद हो गए हैं। जिला परिषद की 37 सीटों में से 26 पर जीत दर्ज कर कांग्रेस ने प्रचण्ड बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा महज 7 सीटों पर सिमट गई। माकपा ने भी चार सीटें जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
जिले की दस पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों में भी भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। हनुमानगढ़ जंक्शन, हनुमानगढ़ टाउन, पीलीबंगा, रावतसर, टिब्बी, नोहर, पल्लू और संगरिया सहित आठ पंचायत समितियों में कांग्रेस का बोर्ड बनना लगभग तय हो गया है। वहीं भादरा और राजपुरा पंचायत समिति क्षेत्रों में माकपा ने अपना प्रभाव दिखाया है। चुनाव परिणामों से साफ है कि ग्रामीण मतदाताओं ने भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाते हुए कांग्रेस के पक्ष में खुलकर मतदान किया है। अब सबकी निगाहें पंचायत समितियों और जिला परिषद में नए बोर्ड के गठन तथा राजनीतिक समीकरणों पर टिकी हैं।
जिला परिषद जोन 1 से कांग्रेस की रेनू को 12,100 वोट मिले। उन्होंने निकटतम प्रत्याशी इंदरजीत को 7,257 वोटों पर रोकते हुए 4,843 मतों से जीत दर्ज की। जोन 2 से कांग्रेस के सुखराम को 16,520 वोट मिले। उन्होंने निकटतम प्रत्याशी जगदीश राम को 7,318 वोटों के मुकाबले 9,202 मतों से हराया। जोन 3 से कांग्रेस के सुरेंद्र कुमार को 9,867 वोट मिले। उन्होंने निकटतम प्रत्याशी श्योपत सिंह को 9,499 वोटों के मुकाबले 368 मतों से हराया। जोन 4 से कांग्रेस की मंजू बाला को 13,290 वोट मिले। उन्होंने निकटतम प्रत्याशी तुलसी को 10,261 वोटों के मुकाबले 3,029 मतों से पराजित किया। जोन 5 से कांग्रेस के प्रमोद कुमार गोदारा को 11,002 वोट मिले। उन्होंने भाजपा की सीया को 7,459 वोटों के मुकाबले 3,543 मतों से हराया। जोन 6 से कांग्रेस के जसवंत सिंह को 11,415 वोट मिले। उन्होंने पवन कुमार को 11,116 वोटों के मुकाबले 299 मतों से हराया। जोन 7 से कांग्रेस के जयचंद को 12,186 वोट मिले। उन्होंने संतलाल को 11,414 वोटों के मुकाबले 772 मतों से पराजित किया। जोन 8 से कांग्रेस के रामकुमार को 12,073 वोट मिले। उन्होंने अंजनी कुमार को 10,584 वोटों के मुकाबले 1,489 मतों से हराया।
जोन 9 से भाजपा के विनोद को 9,343 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस की सुनीता को 7,041 वोटों के मुकाबले 2,302 मतों से हराया। जोन 10 से कांग्रेस की सुमित्रा को 8,632 वोट मिले। उन्होंने कृष्णलाल को 8,547 वोटों के मुकाबले 85 मतों से हराया। जोन 11 से माकपा की मंजू देवी को 15,596 वोट मिले। उन्होंने निकटतमकृष्णा को 12,366 वोटों के मुकाबले 3,230 मतों से पराजित किया। जोन 12 भाजपा के सत्यप्रकाश को 11,440 वोट मिले। उन्होंने सुभाष चंदर को 10,258 वोटों के मुकाबले 1,182 मतों से हराया। जोन 13 से माकपा की सुमन को 16,265 वोट मिले। उन्होंने अनीता को 11,743 वोटों के मुकाबले 4,522 मतों से पराजित किया।
जोन 14 से कांग्रेस के अजय कुमार को 13,661 वोट मिले। उन्होंने अर्जुन साहू को 13,071 वोटों के मुकाबले 590 मतों से हराया। जोन 15 से माकपा की सुनीता को 15,601 वोट मिले। उन्होंने मैना देवी को 14,019 वोटों के मुकाबले 1,582 मतों से पराजित किया। जोन 16 से भाजपा की सिलौचना देवी को 10,132 वोट मिले। उन्होंने प्रकाश कंवर को 9,986 वोटों के मुकाबले 146 मतों से हराया। जोन 17 से भाजपा की सोनिया को 10,323 वोट मिले। उन्होंने अजय सिंह को 8,034 वोटों के मुकाबले 2,289 मतों से पराजित किया। जोन 18 से कांग्रेस की सावत्री को 8,496 वोट मिले। उन्होंने शारदा देवी को 6,609 वोटों के मुकाबले 1,887 मतों से हराया। जोन 19 से भाजपा की सरस्वती देवी को 10,972 वोट मिले। उन्होंने सुमन को 10,467 वोटों के मुकाबले 505 मतों से पराजित किया। जोन 20 से भाजपा की प्रीति को 9,761 वोट मिले। उन्होंने सुनीता ढिल्ल को 9,757 वोटों के मुकाबले महज 4 मतों से हराया। जोन 21 से कांग्रेस की निर्मला देवी को 8,257 वोट मिले। उन्होंने कृष्ण चंदर को 6,968 वोटों के मुकाबले 1,289 मतों से पराजित किया। जोन 22 से कांग्रेस की संतोर को 13,772 वोट मिले। उन्होंने रेशा देवी को 9,572 वोटों के मुकाबले 4,200 मतों से हराया। जोन 23 से भाजपा के रजनीश को 10,389 वोट मिले। उन्होंने समेस्ता को 9,721 वोटों के मुकाबले 668 मतों से पराजित किया। जोन 24 से कांग्रेस की शबनम गोदारा को 15,172 वोट मिले। उन्होंने गुलाब सिंवर को 11,665 वोटों के मुकाबले 3,507 मतों से हराया। जोन 25 से कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह को 13,028 वोट मिले। उन्होंने भगवान राम को 9,160 वोटों के मुकाबले 3,868 मतों से पराजित किया।
जोन 26 से कांग्रेस के संजय मेघवाल को 8,257 वोट मिले। उन्होंने पार्वती को 8,043 वोटों के मुकाबले 214 मतों से हराया। जोन 27 से कांग्रेस की अनीता को 12,972 वोट मिले। उन्होंने सुमन वर्मा को 6,867 वोटों के मुकाबले 6,105 मतों से पराजित किया। जोन 28 से कांग्रेस की वीनू भिडासरा को 12,660 वोट मिले। उन्होंने शिमला कस्वां को 7,590 वोटों के मुकाबले 5,070 मतों से हराया। जोन 29 से कांग्रेस के प्रेम कुमार को 14,325 वोट मिले। उन्होंने रामेश्वर लाल को 7,344 वोटों के मुकाबले 6,981 मतों से पराजित किया। जोन 30 से कांग्रेस की शांति देवी को 10,822 वोट मिले। उन्होंने कांता को 5,923 वोटों के मुकाबले 4,899 मतों से हराया।
जोन 32 से माकपा की रानी देवी को 7,607 वोट मिले। उन्होंने वीणा देवी को 5,518 वोटों के मुकाबले 2,089 मतों से पराजित किया। जोन 32 से कांग्रेस की सोनिया को 11,133 वोट मिले। उन्होंने रविंदर कौर को 9,326 वोटों के मुकाबले 1,807 मतों से हराया। जोन 33 से कांग्रेस की जशनजोत कौर को 16,133 वोट मिले। उन्होंने सुनीता को 3,059 वोटों के मुकाबले 13,074 मतों से पराजित किया। जोन 35 से कांग्रेस के कृष्ण कुमार को 13,667 वोट मिले। उन्होंने गुरपास सिंह को 9,879 वोटों के मुकाबले 3,788 मतों से हराया। जोन 35 से कांग्रेस के सुनील कुमार को 12,662 वोट मिले। उन्होंने धर्मेंद्र सिंह को 11,340 वोटों के मुकाबले 1,322 मतों से पराजित किया। जोने 36 से कांग्रेस की बबल दीप कौर को 12,099 वोट मिले। उन्होंने रामनदीप कौर को 7,022 वोटों के मुकाबले 5,077 मतों से हराया। जोन 37 से कांग्रेस की छिंदरपाल कौर को 10,336 वोट मिले। उन्होंने करमजीत कौर को 7,968 वोटों के मुकाबले 2,368 मतों से पराजित किया।





