






ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में आयोजित अन्तर महाविद्यालय ताइक्वांडो (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता 2026-27 का समापन समारोहपूर्वक हुआ। मुख्य अतिथि प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय थे। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
तरुण विजय ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण जरिया है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा जीत-हार को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महिला वर्ग के अंडर-46 किलोग्राम भार वर्ग में श्री श्याम महिला कॉलेज भादरा की स्नेहा ने स्वर्ण, राजकीय एम.एस. कॉलेज बीकानेर की भूमेश्वरी ने रजत तथा चौ. बल्लूराम गोदारा महिला कॉलेज श्रीगंगानगर की भव्या ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-49 में राजकीय लोहिया कॉलेज चूरू की गुंजन प्रजापत ने स्वर्ण, राजकीय कन्या कॉलेज भादरा की लक्ष्मी ने रजत और श्री जैन पीजी कॉलेज बीकानेर की रिशिका सुथार ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-53 में सेठ एस.एम.जे. कॉलेज रतनगढ़ की कीर्ति बरवाल ने स्वर्ण, चौ. बल्लूराम गोदारा महिला कॉलेज की गरिमा ने रजत और अम्बिका कॉलेज पल्लू की नितिका ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-57 में राजकीय डूंगर कॉलेज बीकानेर की शिवानी सिंह ने स्वर्ण, राजकीय लोहिया कॉलेज चूरू की अश्लेषा ने रजत तथा अम्बिका कॉलेज पल्लू की शिक्षा ने कांस्य पदक जीता। अंडर-62 में राजकीय कन्या कॉलेज भादरा की कैलाश ने स्वर्ण, राजकीय कॉलेज गंगाशहर की अनिता जाट ने रजत और सादुलशहर डिग्री कॉलेज की हरविंद्र कौर ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-67 में राजस्थान कॉलेज पल्लू की आरती ने स्वर्ण, एम.डी. कन्या कॉलेज रायसिंहनगर की आस्था ने रजत तथा एस.जी.जी. कॉलेज चूरू की पूजा कसवा ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष वर्ग के अंडर-54 किलोग्राम में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय बीकानेर के योगराज ने स्वर्ण, राजकीय एन.एम. कॉलेज हनुमानगढ़ के मनसुख डूडी ने रजत और श्री जैन पीजी कॉलेज बीकानेर के भरत सांखला ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-58 में एन.एस.पी.जी. कॉलेज बीकानेर के चन्दगीरी ने स्वर्ण, विवेकानंद कॉलेज भादरा के कमलकांत ने रजत तथा रामपुरिया कॉलेज बीकानेर के विशाल कोचर ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-63 किलोग्राम भार वर्ग में राजकीय डूंगर कॉलेज बीकानेर के सक्षम योगी ने स्वर्ण, विवेकानंद कॉलेज भादरा के जावेद खान ने रजत तथा राजकीय लोहिया कॉलेज चूरू के हेमंत सिंह ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
समापन अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक ने अतिथियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।





