






ग्राम सेतु पॉलिटिकल डेस्क
भारतीय राजनीति में कुछ चेहरे ऐसे होते हैं, जिनकी कहानी केवल सत्ता के उतार-चढ़ाव तक सीमित नहीं रहती। उनके जीवन में दोस्ती, संघर्ष, महत्वाकांक्षा, त्याग और वक्त के बदलते मिजाज के कई रंग दिखाई देते हैं। लालकृष्ण आडवाणी भी ऐसा ही एक नाम हैं। आडवाणी आज जीवन के 100वें साल में प्रवेश कर चुके हैं। भाजपा के संस्थापक सदस्य और पार्टी के भीष्म पितामह के रूप में पहचान रखने वाले आडवाणी के जीवन में ऐसे कई किस्से हैं, जो आज भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनते हैं। कभी अटल बिहारी वाजपेयी के साथ मिलकर भाजपा को सत्ता के शिखर तक पहुंचाने वाले आडवाणी ने एक दौर में पार्टी की राजनीति पर ऐसा प्रभाव कायम किया कि संसद से उनके कमरे तक सांसदों का हुजूम साथ चलता था। लेकिन राजनीति में वक्त कब करवट ले ले, इसका अंदाजा बड़े-बड़े सूरमाओं को भी नहीं होता।
आडवाणी के जीवन का एक दिलचस्प पहलू उनकी भाषा से जुड़ा है। आज हिंदी भाषी राजनीति के बड़े नेताओं में गिने जाने वाले आडवाणी 20 साल की उम्र तक कराची में रहे। उस समय उन्हें हिंदी पढ़ना-लिखना नहीं आता था। वे सिंधी भाषा में रामायण और महाभारत पढ़ते थे। हिंदी फिल्मों के प्रति रुचि के कारण हिंदी समझने की थोड़ी-बहुत क्षमता जरूर विकसित हो गई थी, लेकिन हिंदी में लिखने-पढ़ने का अभ्यास नहीं था।
उनकी शुरुआती पढ़ाई कराची और लाहौर में हुई। बाद में मुंबई के गवर्नमेंट लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई पूरी की। हिंदी सीखने का सिलसिला राजस्थान में आगे बढ़ा। यह वही राजस्थान था, जहां से आडवाणी के राजनीतिक जीवन को भी नई दिशा मिली। एक दिलचस्प संयोग यह है कि जिस भाषा में वे कभी सहज नहीं थे, उसी भाषा में आगे चलकर वे देशभर के राजनीतिक मंचों पर अपनी बात रखने लगे।
1990 के दशक तक भाजपा का राजनीतिक सफर आसान नहीं था। उस दौर में ‘अटल-आडवाणी कमल निशान, मांग रहा है हिंदुस्तान’ का नारा खूब लोकप्रिय हुआ। तब शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि भाजपा कभी केंद्र की सत्ता तक पहुंचेगी। लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी की जोड़ी ने इस असंभव से दिखने वाले सपने को हकीकत में बदल दिया।
आडवाणी की रथ यात्राओं ने पार्टी को जनाधार दिया, तो अटल बिहारी वाजपेयी की उदार छवि और वक्तृत्व कला ने भाजपा को व्यापक स्वीकार्यता दिलाई। दोनों नेताओं की राजनीतिक भूमिकाएं अलग थीं, लेकिन लक्ष्य एक था। भाजपा ने उनके नेतृत्व में तीन बार केंद्र में सरकार बनाई। आडवाणी ने मुंबई के एक अधिवेशन में खुद अटल बिहारी वाजपेयी को प्रधानमंत्री पद के चेहरे के तौर पर आगे किया था। यह प्रसंग उनकी राजनीतिक समझ और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राजनीतिक गलियारों में 2014 का दौर आडवाणी के जीवन का सबसे चर्चित अध्याय माना जाता है। लंबे समय तक पार्टी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल रहे आडवाणी प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। लेकिन नरेंद्र मोदी के उभार ने भाजपा की राजनीति को नई दिशा दे दी।
मोदी की रणनीति, उद्योग जगत का समर्थन और चुनावी अभियान के सामने आडवाणी का पुराना राजनीतिक प्रभाव धीरे-धीरे पीछे छूटता गया। उनके करीबी राजनीतिक सहयोगियों ने भी मोदी के नेतृत्व को स्वीकार कर लिया। इसके बाद भाजपा में आडवाणी युग के समापन की चर्चा तेज हो गई। हालांकि, यह कहना कि आडवाणी की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई, उनके लंबे राजनीतिक योगदान को कम करके आंकना होगा। पार्टी की वैचारिक और संगठनात्मक नींव तैयार करने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है।
आडवाणी के बारे में एक सवाल अक्सर पूछा जाता रहा है कि उनकी आंखें बार-बार क्यों छलक उठती हैं? क्या इसके पीछे प्रधानमंत्री न बन पाने की पीड़ा है या कोई और भावनात्मक कारण? इस सवाल का जवाब उन्होंने खुद एक बार दिया था।
आडवाणी ने कहा था कि आलोचना होती है, तब भी आंखों में आंसू आ जाते हैं और प्रसन्नता का अवसर होता है, तब भी आंखें छलक पड़ती हैं। उन्होंने बताया था कि पहली बार उनकी आंखों में आंसू तब आए थे, जब देश आजाद हुआ था। यह प्रसंग उनके व्यक्तित्व के उस पक्ष को सामने लाता है, जो राजनीतिक भाषणों और सत्ता के समीकरणों से अलग है।
आडवाणी ने 2007 में राजनीति से संन्यास लेने का मन बना लिया था। उन्होंने तय किया था कि 80 वर्ष की उम्र पूरी होने पर सक्रिय राजनीति छोड़ देंगे। उस समय वे अपनी आत्मकथा ‘माई कंट्री, माई लाइफ’ लिख रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि 80 वर्ष की उम्र तक किताब पूरी हो जाएगी और वे राजनीति से विदा ले सकेंगे। लेकिन आत्मकथा पूरी होने में वक्त लगा और इसी बीच भाजपा ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया।
आडवाणी की रथ यात्राएं, संगठनात्मक यात्राएं और संसद में उनका प्रभाव उनके राजनीतिक जीवन के महत्वपूर्ण अध्याय रहे। कभी संसद से अपने कमरे तक पहुंचने में 25-30 सांसदों का साथ मिलना उनकी ताकत का प्रतीक था। आज भले ही भाजपा की राजनीति में नई पीढ़ी का नेतृत्व स्थापित हो चुका है, लेकिन पार्टी के इतिहास में आडवाणी का योगदान हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। सत्ता के शिखर तक पहुंचने की उनकी यात्रा और उससे जुड़े किस्से भारतीय राजनीति के दिलचस्प अध्याय बने रहेंगे।





