




ग्राम सेतु डॉट कॉम
कुछ लोग अपनी पहचान विरासत में मिले नाम से बनाते हैं तो कुछ अपने काम से ऐसी पहचान गढ़ते हैं, जो दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन जाती है। हनुमानगढ़ की नवोदित लेखिका आरएम वैशाली ऐसी ही शख्सियत हैं, जिन्होंने अंग्रेजी साहित्य में आधा दर्जन पुस्तकें प्रकाशित कर छोटी सी उम्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी लेखकीय उपलब्धियां न केवल साहित्य जगत में चर्चा का विषय हैं, बल्कि हनुमानगढ़ को भी गौरवान्वित होने का अवसर दे रही हैं।
वैशाली की पहचान का एक खास पहलू उनका नाम भी है। उन्होंने अपने नाम के साथ पारंपरिक उपनाम लगाने के बजाय पिता और माता के नाम के शुरुआती अक्षरों को जोड़ा है। पिता रजनीश और मां ममता के नाम से बना ‘आरएम वैशाली’ उनके लिए महज एक नाम नहीं, बल्कि माता-पिता के प्रति सम्मान और उनके जीवन में योगदान को स्वीकार करने का एक भावनात्मक माध्यम है। उनका मानना है कि बच्चों का अस्तित्व माता-पिता से ही है। इसलिए उनकी पहचान में भी मां-बाप का स्थान हमेशा बना रहना चाहिए। यही सोच उनके नाम को भी विशिष्ट बनाती है।
वैशाली का पूरा परिवार शिक्षा जगत से जुड़ा हुआ है। उनके पिता रजनीश गोदारा और माता ममता गोदारा दोनों शिक्षक हैं। ऐसे में शिक्षा, अध्ययन और ज्ञान के प्रति अनुराग उन्हें पारिवारिक परिवेश से ही मिला। वैशाली ने बीए और बीएड करने के बाद इतिहास विषय में एमए किया। इसके साथ ही उन्होंने नेट की परीक्षा भी उत्तीर्ण की। वर्तमान में वे एक निजी कॉलेज में अध्यापन कर रही हैं। शिक्षक परिवार की इस बेटी ने अध्यापन के साथ साहित्य सृजन को भी अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा बनाया है।
वैशाली ‘ग्राम सेतु डॉट कॉम’ से कहती हैं कि लेखन के प्रति उनका आकर्षण बचपन से रहा है, लेकिन नियमित रूप से लिखने की शुरुआत 12वीं कक्षा में हुई। उस समय उन्होंने निर्धारित पाठ्यक्रम समय से पहले पूरा कर लिया था। खाली समय का सदुपयोग करने के लिए डायरी लिखना शुरू किया। शुरुआत में अपने विचारों और अनुभवों को शब्दों में उतारती रहीं। धीरे-धीरे यह आदत शौक में और शौक साहित्यिक अभिव्यक्ति में बदल गया।
पहले उन्होंने छोटी कहानियां लिखीं। इसके बाद लेखन का दायरा बढ़ा और उपन्यास की ओर रुझान विकसित हुआ। देखते ही देखते उनकी रचनात्मकता ने पुस्तक का रूप लेना शुरू कर दिया। आज अंग्रेजी साहित्य में उनकी आधा दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना उनके निरंतर अध्ययन, लेखन के प्रति समर्पण और रचनात्मक ऊर्जा को दर्शाता है।
आरएम वैशाली की साहित्यिक यात्रा का एक उल्लेखनीय पक्ष उनका सामाजिक दृष्टिकोण है। उन्होंने अपनी दो पुस्तकों से मिलने वाली रॉयल्टी को जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों पर खर्च करने का निर्णय किया है। यह पहल बताती है कि उनके लिए लेखन केवल प्रसिद्धि और व्यक्तिगत उपलब्धि का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का जरिया भी है।
वैशाली मानती हैं कि हिंदी पाठकों का संसार काफी व्यापक है, लेकिन शुरुआत से ही अंग्रेजी साहित्य में उनकी रुचि रही। इसी वजह से उन्होंने अंग्रेजी में लिखना चुना। हालांकि अब वे अपनी प्रकाशित पुस्तकों का हिंदी अनुवाद करवाने पर भी विचार कर रही हैं, ताकि उनकी रचनाएं हिंदी पाठकों तक भी पहुंच सकें।
अंग्रेजी साहित्य में भारतीय लेखकों की स्थिति को लेकर वैशाली का नजरिया भी विचारणीय है। उनका मानना है कि भारत में अंग्रेजी साहित्य के पाठकों और प्रकाशन जगत में विदेशी लेखकों को भारतीय लेखकों की तुलना में अधिक महत्व दिया जाता है। इसका एक बड़ा कारण भारतीय लेखकों को अपेक्षित प्रचार और मंच नहीं मिल पाना है। इसके अलावा रॉयल्टी की कम राशि भी लेखकों के लिए चुनौती बनी हुई है। उनका मानना है कि भारतीय लेखकों की रचनाओं को उचित प्रोत्साहन और पाठकों तक पहुंचने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।
पुस्तकों के प्रति घटती रुचि और पढ़ने की आदत में आ रहे बदलाव को लेकर वैशाली मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल को प्रमुख वजह मानती हैं। उनका कहना है कि मोबाइल और डिजिटल माध्यमों ने लोगों का काफी समय अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि अब धीरे-धीरे लोगों को पुस्तकों के महत्व का अहसास हो रहा है। उन्हें उम्मीद है कि पाठक एक बार फिर किताबों की दुनिया की ओर लौटेंगे।
इन दिनों वैशाली स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से एक नया उपन्यास लिख रही हैं। उनकी यह कोशिश साहित्य को मनोरंजन से आगे ले जाकर सामाजिक चेतना से जोड़ने की है। आधा दर्जन पुस्तकों के साथ अपनी पहचान बना चुकी आरएम वैशाली की यात्रा अभी जारी है। उनके लेखन में जहां साहित्यिक अभिरुचि दिखाई देती है, वहीं माता-पिता के प्रति सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी और भारतीय लेखकों के लिए बेहतर अवसरों की आकांक्षा भी स्पष्ट नजर आती है। हनुमानगढ़ की इस बेटी की कलम से अब पाठकों को अगली पुस्तक का इंतजार है।





