





ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिले में त्रिस्तरीय पंचायतीराज चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। हनुमानगढ़ जिले में पंचायतीराज चुनाव तीसरे और चौथे चरण में आयोजित किए जाएंगे। चुनावी बिगुल बजने के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव के नेतृत्व में व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जा रहा है। जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 112 सेक्टरों का गठन कर सेक्टर प्रभारियों की तैनाती कर दी गई है। साथ ही प्रशासनिक समन्वय को मजबूत रखने के लिए 28 अलग-अलग प्रकोष्ठों का गठन कर उनके प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।
हनुमानगढ़ जिले के त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के इस चुनावी महासमर में एक जिला परिषद, 10 पंचायत समितियां और 325 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
इस बार जिला परिषद सदस्यों संख्या 29 से बढ़कर 37 हो गई है। जिले में पंचायत समिति सदस्यों की संख्या 208 हो गई है। इसी तरह 325 सरपंच व 3,385 वार्ड पंचों के चुनाव होंगे।
जिले के ग्रामीण अंचलों में स्थानीय सरकार चुनने के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले की 325 ग्राम पंचायतों में कुल 11,17,709 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण मतदाता वर्ग में महिला और पुरुष दोनों की भागीदारी मजबूत दिख रही है। इसके तहत पुरुष मतदाता 5,80,503, महिला मतदाताओं की संख्या 5,37,168 व ट्रांसजेंडर मतदाता 8 हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 11,17,709 है।
जिलेभर में मतदाताओं की सुविधा के लिए कुल 1,168 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। नोहर पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे अधिक 207 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पल्लू क्षेत्र में सबसे कम 79 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा का कड़ा खाका तैयार किया है। संवेदनशीलता के आधार पर मतदान केंद्रों को श्रेणीबद्ध किया गया है। कुल 73 मतदान केंद्र संवेदनशील और 107 अति संवेदनशील केंद्र निर्धारित हैं। इन 180 चिन्हित केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता, वीडियोग्राफी और विशेष निगरानी की व्यवस्था रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर बिंदुवार चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए।
जिला परिषद चुनाव कार्यक्रम, 19 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
जिले के 37 जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए तय कार्यक्रम के अनुसार नामांकन और संवीक्षा की तारीखें तय कर दी गई हैं।
नामांकन प्रारंभ 19 अक्टूबर से होगा और 23 अक्टूबर तक जारी रहेगा। नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) 24 अक्टूबर को और नाम वापसी की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर (अपराह्न 3.00 बजे तक) तक रहेगी। 26 अक्टूबर को नाम वापसी के तुरंत बाद अंतिम सूची जारी व चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रचार अभियान जोर पकड़ेगा, जिसके बाद निर्धारित तिथियों पर तीसरे और चौथे चरण के तहत मतदान कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने आमजन से भयमुक्त होकर निष्पक्ष मतदान करने की अपील की है।






