


ग्राम सेतु ब्यूरो.
विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप सही कॅरिअर दिशा प्रदान करने के मकसद से भारतीय जैन संगठन की फाउंडेशन प्रोग्राम श्रृंखला के अंतर्गत ‘कॅरिअर कम्पास’ कार्यक्रम का आयोजन हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक में किया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न शिक्षा क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं, नए और उभरते कॅरिअर विकल्पों तथा भविष्य में मिलने वाले अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार सही करियर चुनने के लिए प्रेरित करना और उन्हें विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना था।
इस अवसर पर चाणक्य क्लासेज के निदेशक राज तिवाड़ी ने सरकारी सेवाओं में प्रवेश की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तकनीकी और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी आज व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही लक्ष्य निर्धारित कर नियमित तैयारी करने की सलाह दी। एसकेडी विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव डॉ. सुनील बिरट ने नई शिक्षा नीति में कौशल आधारित शिक्षा को दी जा रही प्राथमिकता पर प्रकाश डालते हुए विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों और उनके माध्यम से उपलब्ध होने वाले करियर अवसरों की जानकारी दी।
राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रवक्ता जसवंत कुमावत ने कहा कि वर्तमान समय में डिप्लोमा पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं और तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि बेहतर वेतन और उत्कृष्ट सेवा स्थितियों के लिए आवश्यक योग्यता और कौशल अर्जित करना अत्यंत आवश्यक है। वहीं श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक के शैक्षणिक निदेशक आनंद जैन ने छात्राओं को उच्च शिक्षा, तकनीकी क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार अवसरों तथा स्वरोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी देते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ऋषभ चोरड़िया और पुनीत जैन ने भी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा तथा विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों से संबंधित संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
भारतीय जैन संगठन हनुमानगढ़ चौप्टर के अध्यक्ष विजय लुनावत ने सभी विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में सही जानकारी और मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने करियर के बारे में बेहतर निर्णय ले सकते हैं। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में संरक्षक प्रकाश जैन और सुरेन्द्र कोठारी, विवेक जैन, जितेंद्र मरोठी, ज्ञानचंद कुहाड़, श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक की प्राचार्य दिव्या शर्मा, विभागाध्यक्ष मोनिका चावला, नवजोत कौर, ज्योति सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को न केवल करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की दिशा तय करने के लिए प्रेरित भी किया।






