




ग्राम सेतु ब्यूरो.
आम आदमी पार्टी ने राजस्थान में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए संगठनात्मक बदलावों को अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी ने प्रदेश के 12 जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के साथ-साथ तीन जिलों में संगठन महासचिव पद पर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
पार्टी के राजस्थान राज्य सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले के लिए सचिन कौशिक को जिला संगठन महासचिव नियुक्त किया गया है। आम आदमी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में संगठन महासचिव को एक प्रमुख और प्रभावशाली पद माना जाता है, जो जिले में पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और विस्तार की जिम्मेदारी संभालता है।
नियुक्ति के बाद सचिन कौशिक ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल, राजस्थान प्रभारी धीरज टोकस और सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और मेहनत से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की नीतियों और जनहितकारी विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
सचिन कौशिक ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना और आम आदमी पार्टी को एक सशक्त राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। इसके लिए गांवों और शहरी क्षेत्रों में निरंतर संवाद, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सचिन कौशिक पिछले चुनाव में हनुमानगढ़ विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी थे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, राजस्थान में किए जा रहे ये संगठनात्मक बदलाव आगामी चुनावों की तैयारी और पार्टी को प्रदेश में मजबूत आधार देने की रणनीति का हिस्सा हैं। आम आदमी पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन ही मजबूत राजनीति की नींव होता है, और इसी सोच के साथ नए नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।








