



ग्राम सेतु ब्यूरो.
महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति सदस्यों ने अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल के नेतृत्व में नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीना से मुलाकात की। समिति ने जिले में बढ़ते महिला एवं बाल अपराधों पर चिंता जताते हुए इन पर नियंत्रण, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, महिला सुरक्षा को मजबूत करने तथा नशे के बढ़ते प्रचलन पर अंकुश लगाने की मांग रखी। साथ ही युवाओं को नशे की बुराई से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया गया।
समिति अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि समिति की ओर से 30 मार्च से जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में महिला आत्मरक्षा कौशल प्रशिक्षण एवं साइबर अपराध जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर राजस्थान महिला पुलिस के सहयोग से आयोजित होगा, जिसमें महिला पुलिस मास्टर ट्रेनर छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगे। साथ ही साइबर विशेषज्ञों की ओर से छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान समिति सदस्यों ने आईपीएस नरेंद्र मीना को पुलिस अधीक्षक पद का कार्यभार संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर समिति सचिव मोनिका जिंदल, कोषाध्यक्ष रेखा बंसल, संगठन मंत्री विनीता सिंगला, लीजा गोयल, सोनू अग्रवाल, तृप्ता, आरती सहित अन्य सदस्य मौजूद रहें।






