



ग्राम सेतु डेस्क
सुबह की हल्की धूप, मैदान में गूंजती बच्चों की हंसी, कहीं फुटबॉल की किक तो कहीं रंगों से सजी कलाकृतियां। हनुमानगढ़ स्थित गुड डे डिफेंस स्कूल का ‘जोश एंड जुनून’ समर कैंप इन दिनों बच्चों की ऊर्जा और उत्साह का जीवंत उदाहरण बन गया है। 15 से 24 मई तक चल रहे इस विशेष समर कैंप में बच्चे केवल गर्मी की छुट्टियां नहीं बिता रहे, बल्कि खेल, तकनीक, कला और व्यक्तित्व विकास की गतिविधियों के जरिए अपने भीतर छिपी प्रतिभाओं को नई उड़ान दे रहे हैं। प्रातः 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चलने वाला यह कैंप सीखने, मस्ती और अनुशासन का ऐसा संगम है, जहां हर दिन बच्चों के चेहरे पर आत्मविश्वास की नई चमक दिखाई दे रही है। कुल मिलाकर, यह समर कैंप बच्चों के लिए छुट्टियों का टाइमपास नहीं, बल्कि भविष्य की मजबूत नींव रखने का सधा हुआ प्रयास है, कम शोर, ज्यादा काम और भरपूर संस्कार।
संस्था के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि आज के समय में बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए इस प्रकार के रचनात्मक और खेल आधारित आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता है। ऐसे समर कैंप बच्चों को अनुशासन, आत्मनिर्भरता और सकारात्मक सोच की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्था के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य बच्चों को केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें खेल, तकनीक, कला एवं व्यक्तित्व विकास के क्षेत्रों में भी आगे बढ़ाना है। इसी सोच के साथ इस समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है, ताकि बच्चे अपनी गर्मी की छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए नई प्रतिभाओं को विकसित कर सकें।
कैंप प्रभारी शारमिन बपतिस्ता ने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कैंप में हॉर्स राइडिंग, स्विमिंग, बैडमिंटन, फुटबॉल, लॉन टेनिस एवं बास्केटबॉल जैसी खेल गतिविधियों के साथ-साथ फायरलेस कुकिंग, आर्टिस्ट्री एडवेंचर्स, टेक टाइटन्स, रोबोटिक्स तथा पर्सनैलिटी डेवलपमेंट जैसी विशेष गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास किया जा रहा है।
प्रिंसिपल मीनाक्षी शर्मा ने बताया की समर कैंप को लर्निंग, फन एंड क्रिएटिविटी का परफेक्ट संगम थीम पर तैयार किया गया है, जिसमें बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ नई चीजें सीखने और अपने कौशल को निखारने का अवसर मिल रहा है। कैंप में भाग लेने वाले बच्चों के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि समर कैंप में बच्चों और अभिभावकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है तथा यह आयोजन बच्चों के लिए सीखने, मनोरंजन और आत्मविश्वास बढ़ाने का एक उत्कृष्ट मंच साबित हो रहा है।








