






ग्राम सेतु ब्यूरो.
विप्र फाउंडेशन ने जिले में संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पद पर सामाजिक कार्यकर्ता सचिन कौशिक की नियुक्ति की है। संगठन की ओर से इस नियुक्ति को युवा नेतृत्व को मजबूत बनाने और जिले में संगठन की गतिविधियों को गति देने की दिशा में अहम निर्णय माना जा रहा है। इसके साथ ही विप्र फाउंडेशन ने जिले में नई टीमों के गठन की कवायद भी तेज कर दी है।
सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय और व्यवहार कुशल माने जाने वाले सचिन कौशिक को संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का मानना है कि उनकी सक्रिय कार्यशैली और समाज के विभिन्न वर्गों से बेहतर संवाद स्थापित करने की क्षमता का लाभ संगठन को मिलेगा। इससे युवा प्रकोष्ठ को नई ऊर्जा मिलेगी और जिले में संगठन की पहुंच और मजबूत होगी।
नियुक्ति के बाद सचिन कौशिक ने कहा कि उनके लिए यह केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज और संगठन के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता विप्र फाउंडेशन को जिले में और अधिक मजबूत बनाना, संगठन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करना तथा ब्राह्मण समाज को एकजुट करने की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ना समय की आवश्यकता है और इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
सचिन कौशिक ने ‘ग्राम सेतु डॉट कॉम’ को बताया कि विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष कालूराम शर्मा के मार्गदर्शन और निर्देशन में युवा प्रकोष्ठ जिलेभर में सक्रिय भूमिका निभाएगा। इसके लिए शीघ्र ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया जाएगा और समर्पित, ऊर्जावान तथा जुझारू युवाओं की टीम तैयार की जाएगी। उनका कहना था कि मजबूत संगठन ही समाज की आवाज को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकता है, इसलिए संगठन विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी।
सचिन कौशिक ने कहा कि विप्र फाउंडेशन केवल सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का एक सशक्त मंच है। युवा शक्ति को समाजहित के कार्यों से जोड़कर संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष ने इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से सुनील मिश्रा, दीपक शर्मा, भारत शर्मा सहित संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में कार्य करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात है।
सचिन कौशिक ने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के उद्देश्यों और समाजहित की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। युवाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने और समाज में आपसी समन्वय एवं एकता को मजबूत करने की दिशा में विशेष पहल की जाएगी।








