





ग्राम सेतु ब्यूरो.
राज्य सरकार द्वारा राजस्थान हाईकोर्ट में निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की संभावित रूपरेखा प्रस्तुत किए जाने के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा भले अभी बाकी हो, लेकिन प्रमुख राजनीतिक दलों ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा, कांग्रेस, माकपा और आम आदमी पार्टी अपने-अपने स्तर पर चुनावी रणनीति बनाने, संभावित उम्मीदवारों की पहचान करने और संगठन को सक्रिय करने में जुट गई हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को गति देते हुए संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने बताया कि पार्टी ने चुनाव की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं और जल्द ही प्रदेश स्तर से भी चुनाव प्रभारी जिले में पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं तथा नगरपालिका और पंचायत चुनावों के लिए अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी। ये प्रभारी संबंधित क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे और संगठन की स्थिति, संभावित प्रत्याशियों तथा चुनावी समीकरणों पर अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेंगे। टिकट वितरण में इन्हीं रिपोर्टों को महत्वपूर्ण आधार बनाया जाएगा।
उधर कांग्रेस में भी चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला कांग्रेस कार्यालय और वरिष्ठ नेताओं के यहां टिकट के इच्छुक दावेदारों की आवाजाही बढ़ने लगी है। संभावित उम्मीदवार संगठन के नेताओं से संपर्क साधने और अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने दावा किया कि संगठन पूरी तरह तैयार है और पार्टी पूरे उत्साह के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य जिले के सभी नगर निकायों में अपने चेयरमैन बनाना तथा जिला परिषद और पंचायत समितियों में भी कांग्रेस समर्थित बोर्ड गठित करना है। उनके अनुसार संगठन स्तर पर बैठकों का दौर लगातार जारी है और कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है।
वामपंथी दल माकपा ने भी अपनी रणनीति लगभग तय कर ली है। माकपा नेता रघुवीर वर्मा ने बताया कि पार्टी पूरी तरह चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ नगरपरिषद क्षेत्र में अब तक करीब आठ वार्डों को चिन्हित किया गया है, जहां से पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके अलावा कुछ अन्य वार्डों में भी प्रत्याशी उतारने पर विचार किया जा रहा है। पंचायत समिति चुनावों को लेकर उन्होंने बताया कि नोहर और भादरा पंचायत समिति क्षेत्रों में माकपा सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं हनुमानगढ़, टिब्बी और पीलीबंगा पंचायत समितियों में अधिकांश सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाएंगे। उन्होंने कहा कि वार्डों और सीटों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम रणनीति तय की जाएगी।
आम आदमी पार्टी ने भी इस बार चुनाव में सक्रिय भागीदारी का संकेत दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी हनुमानगढ़ नगरपरिषद के सभी वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। पंचायत चुनावों में भी जहां मजबूत और योग्य उम्मीदवार उपलब्ध होंगे, वहां पार्टी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल सत्ता हासिल करने के उद्देश्य से चुनाव नहीं लड़ रही, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य के साथ जनता के बीच जाएगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले ही दलों की सक्रियता यह संकेत दे रही है कि इस बार निकाय और पंचायत चुनाव काफी प्रतिस्पर्धी रहेंगे। टिकट वितरण, स्थानीय समीकरण, आरक्षण की स्थिति और संगठनात्मक मजबूती चुनाव परिणामों में अहम भूमिका निभाएगी। आने वाले दिनों में वार्डों के आरक्षण और चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ जिले की राजनीतिक गतिविधियां और अधिक तेज होने की संभावना है।







