





ग्राम सेतु ब्यूरो
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित चाणक्य क्लासेज में प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ का शुभारंभ जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने किया। कार्यक्रम में एएसपी अरविंद बिश्नोई भी मौजूद थे। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल कानून या सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक, परिवार, शैक्षणिक संस्थान और समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए इस अभियान को जनआंदोलन बनाने पर बल दिया। उन्होंने समाज में नैतिक मूल्यों, आत्मिक सशक्तिकरण और नशा मुक्ति के क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज के प्रयासों की सराहना भी की।

एएसपी अरविंद बिश्नोई ने कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल नियंत्रण से नहीं, बल्कि जागरूकता, संस्कार, पारिवारिक मूल्यों, सकारात्मक जीवनशैली और आत्मिक सशक्तिकरण से संभव है। उन्होंने सभी नागरिकों एवं संस्थाओं से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन खुशबू ने बताया कि यह अभियान भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’, गृह मंत्रालय के अधीन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के ‘मिशन स्पंदन’ तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की श्माय भारतश् पहल के उद्देश्यों को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में एक राष्ट्रीय जनआंदोलन है।
चाणक्य संस्थान के निदेशक राज तिवाड़ी ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा किए जा रहे सामाजिक सरोकार के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य संस्थाओं से भी इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी विक्रम शेखावत, डॉ. निशांत बत्रा, राजस्थान प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तरुण विजय, प्राचार्य श्याम सुंदर शर्मा, पर्यावरणविद् नरेश मेहन, संस्थान व्यवस्थापक कोमल तिवाड़ी, प्रदीप तिवाड़ी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






