




ग्राम सेतु डॉट कॉम
जीत की खबर आई तो कहीं मिठाइयां बंटी, कहीं ढोल-उत्साह के बीच बधाइयों का दौर चला। कोई विजयी प्रत्याशी को गले लगाकर खुशी जाहिर कर रहा था तो कोई समर्थकों के साथ जीत का जश्न मनाने पहुंचा। हनुमानगढ़ जिला परिषद और टाउन-जंक्शन पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस को मिले प्रचंड बहुमत ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया। पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार के निवास पर विजयी प्रत्याशियों और समर्थकों का जमावड़ा लग गया। फूल-मालाओं, बधाइयों और मिठाइयों के बीच जीत का उत्सव देर तक चलता रहा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनावी नतीजों को भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता का जनादेश बताते हुए इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और ग्रामीण मतदाताओं के विश्वास की जीत करार दिया।
पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि यह केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों की हार है। यह महंगाई की हार है, भ्रष्टाचार की हार है और धक्काशाही एवं वोट चोरी की हार है। उन्होंने कहा कि जनता अब सब कुछ समझ चुकी है। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का काम किया। आमजन को राहत देने वाली योजनाओं को बंद करने और जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी का जवाब मतदाताओं ने अपने वोट से दिया है। जनता ने भाजपा की नीतियों को नकारते हुए कांग्रेस को प्रचंड बहुमत का आशीर्वाद दिया है। कांग्रेस ने हमेशा आमजन, किसानों, मजदूरों और जरूरतमंद वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी है। यही कारण है कि जनता ने एक बार फिर कांग्रेस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। जनता ने जिस उम्मीद के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना होगा।
पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा की महंगाई, वोट चोरी और झूठे एवं खोखले वायदों को जनता पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ के राजनीतिक इतिहास में पिछले डेढ़ दशक से कांग्रेस के जिला प्रमुख और प्रधान बनते आ रहे है और इस बार भी जनता ने अपना आशीर्वाद कांग्रेस को ही दिया है। यह परिणाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक हैं और आने वाले समय में पार्टी को और मजबूती प्रदान करेंगे।
कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि कांग्रेस सेवादल के प्रत्येक जिला एवं ब्लॉक के कार्यकर्ताओं ने बूथ पर जाकर पार्टी प्रत्याशियों के लिए दिन रात मेहनत की यह सभी कार्यकर्ताओं की जीत है और ग्रामीण मतदाताओं की जीत है, कांग्रेस आम जनता की पार्टी है और हमेशा आमजन के हितों की पैरवी करती रही है। कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश में जनता के हित में अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए गए और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, मजदूर, किसान और जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने मनरेगा को बंद कर ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और मेहनतकश लोगों के रोजगार पर चोट की है। मनरेगा जैसी योजना ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार का बड़ा सहारा रही है। ऐसे में इससे जुड़े फैसलों का असर सीधे ग्रामीण जनता पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि जनता ने इन नीतियों का जवाब चुनाव में दिया है और राजस्थान में कांग्रेस को मिले व्यापक समर्थन से यह स्पष्ट हो गया है कि आमजन भाजपा सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है।
पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा ने अपनी पुत्रवधू की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कांग्रेस पार्टी और पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत कांग्रेस पार्टी के एक सच्चे सिपाही की जीत है। पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उनकी पुत्रवधू को चुनाव मैदान में उतारा और उन पर भरोसा जताया, मतदाताओं ने उस भरोसे को अपने समर्थन से मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन से यह सफलता मिली है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जीत क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।
चुनाव परिणामों के बाद पूर्व मंत्री के निवास पर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा। विजयी प्रत्याशियों के साथ पहुंचे समर्थकों ने जीत की खुशी साझा की। कांग्रेस नेताओं ने इसे केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी की मजबूत होती राजनीतिक पकड़ का संकेत बताया। साथ ही कहा कि अब निर्वाचित प्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करते हुए गांवों में विकास, सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता देनी होगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता ने पार्टी को जो जनादेश दिया है, वह विश्वास की बड़ी जिम्मेदारी भी है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा। चुनावी जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी नया उत्साह दिखाई दिया। इसी अवसर पर कांग्रेस सेवादल से अनिल तिवाड़ी, भंवर खान, इशाक चायनान, धर्मेंद्र बजाज, सीताराम कड़वा, गुरमीत चन्दडा, इंद्रजीत शर्मा, वारिस अली, विजेंद्र साईं ऋषभ भिड़ासरा, मोहनलाल नैन व कालूराम गोदारा आदि कांग्रेसजन मौजूद थे।





