



ग्राम सेतु ब्यूरो.
अंतरराष्ट्रीय जाट दिवस पर महाराजा सूरजमल संगठन, भारत (महिला विंग) की हनुमानगढ़ जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। यह नियुक्तियां संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. एस. चौधरी, संगठन अध्यक्ष मनोज कुमार इंदौलिया, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता फौजदार तथा राजस्थान महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष बबीता कासनियां के आदेश एवं सहमति से की गईं।
जिला अध्यक्ष किरण जान्दू ने जिला कार्यकारिणी में शिक्षा मील को जिला महासचिव, मंजू चौधरी को जिला उपाध्यक्ष, रेखा भांभू एवं सुनीता को जिला सचिव, तथा मंजू कूकना को जिला महामंत्री पद पर मनोनीत किया। इसके साथ ही सुनीता भादू को जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
जिलाध्यक्ष किरण जान्दू ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी संगठन में नई ऊर्जा, मजबूती और गति प्रदान करेंगी। अपने अनुभव, समर्पण और मार्गदर्शन से ये सभी महिलाएं संगठन को नई दिशा देंगी और समाज में संगठन की भूमिका को और अधिक प्रभावशाली बनाएंगी।
इसी क्रम में संगठन की हनुमानगढ़ जिला उपाध्यक्ष पद पर प्रोफेसर सोनिका चौधरी (जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन) को मनोनीत किया गया। इस नियुक्ति पर भी जिलाध्यक्ष किरण जान्दू ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा और मीडिया के क्षेत्र में उनके अनुभव से संगठन को वैचारिक मजबूती मिलेगी और संगठन की गतिविधियों को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
प्रदेशाध्यक्ष बबीता कासनियां ने अपने संदेश में कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य महान योद्धा, कुशल प्रशासक और न्यायप्रिय शासक महाराजा सूरजमल के विचारों, सिद्धांतों और उनके अदम्य साहस को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महाराजा सूरजमल सामाजिक समरसता, न्याय और सुशासन के प्रतीक थे, जिनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन द्वारा प्रदेश के सभी जिलों, तहसीलों और प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार तेज़ी से किया जा रहा है, ताकि समाज को संगठित कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा सके। महिला विंग की भूमिका पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी।







