




ग्राम सेतु डेस्क.
हनुमानगढ़ स्थित गुड डे डिफेंस स्कूल (न्यू सैनिक स्कूल) ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि मजबूत अनुशासन, सुस्पष्ट लक्ष्य और अनुभवी शिक्षण व्यवस्था मिल जाए तो परिणाम अपने आप बोलते हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार अंक अर्जित कर न केवल अपने अभिभावकों का मान बढ़ाया, बल्कि पूरे जिले में विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस वर्ष के परीक्षा परिणामों में मेघा ने 94.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी यह उपलब्धि निरंतर मेहनत, समयबद्ध अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल मानी जा रही है। वहीं जानवी ने 94.20 प्रतिशत अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं के परिणाम यह दर्शाते हैं कि विद्यालय में प्रतिभा को पहचान कर उसे निखारने की परंपरा वर्षों से कायम है। इसी तरह आयुषी ने 91.00 प्रतिशत, मुकुंद ने 90.00 प्रतिशत तथा सृष्टि झा ने 90.00 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इन विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया कि विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण सभी छात्रों को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करता है। आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 5 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक, 18 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक तथा 48 विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जो विद्यालय की निरंतर उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा का स्पष्ट प्रमाण है।
स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरपर्सन वरुण यादव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और भविष्य की मजबूत नींव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच से ही ऐसे परिणाम संभव हो पाते हैं। विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की हर चुनौती के लिए तैयार करना है।
प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने कहा कि यह सफलता शिक्षकों की कड़ी मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और मूल्यपरक संस्कारों के साथ विद्यार्थियों को एक सफल और जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
डायरेक्टर कर्नल विक्रम सिंह (सेवानिवृत्त), प्रशासक अनुराग छाबड़ा तथा प्रधानाचार्य एन्थोनियम्मा पी ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना को शिक्षा के साथ जोड़ा जाता है, जिससे विद्यार्थी केवल अच्छे छात्र ही नहीं, बल्कि अच्छे इंसान भी बन सकें। समस्त शिक्षक-स्टाफ ने भी इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया है। खास बात है कि गुड डे डिफेंस स्कूल निरंतर शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देते हुए विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। यह परिणाम न केवल विद्यालय की उपलब्धि है, बल्कि हनुमानगढ़ जिले के लिए भी गर्व का विषय है।






