




ग्राम सेतु ब्यूरो.
आगामी शहरी निकाय और पंचायतीराज चुनावों से पहले कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक इन दिनों जिले के दौरे पर हैं। इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि चुनाव से पहले बूथ, वार्ड और ग्राम इकाई तक सेवादल को सक्रिय करना कांग्रेस की रणनीति का प्रमुख हिस्सा है। संगरिया के बाद पारीक पीलीबंगा पहुंचे, जहां ब्लॉक कांग्रेस सेवादल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
पीलीबंगा में विधायक आवास पर संगठन सृजन अभियान के तहत हुई इस बैठक में विधायक विनोद गोठवाल, पीलीबंगा सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष भगवाना राम लखूवाली, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलवीर सिद्धू, निकाय प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष गंगाराम चौहान, सेवादल जिला महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, आमिर खान सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, सदस्यता अभियान और आगामी चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पीलीबंगा सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष भगवाना राम लखूवाली ने कहा कि पार्टी और संगठन की मजबूती के लिए पीलीबंगा ब्लॉक की पूरी टीम पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करेगी। सेवादल कांग्रेस की वैचारिक रीढ़ है और कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन सृजन अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाएं।
कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने संगठनात्मक मजबूती पर खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल का सदस्यता अभियान 30 मई तक हर हाल में पूरा किया जाना है और इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना जरूरी है। पारीक ने कहा कि संगठन को ग्राम इकाई और बूथ इकाई तक मजबूत करना समय की मांग है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर सेवादल की यूनिफॉर्म में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। पार्टी कार्यकर्ता ही पार्टी संगठन की रीढ़ की हड्डी होता है। सेवादल कार्यकर्ताओं को वार्डों और गांवों में पैदल मार्च निकालकर कांग्रेस की नीतियों और राज्य सरकार की विफलताओं को आमजन तक पहुंचाना चाहिए।
पारीक ने रोजगार के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा युवाओं के रोजगार को लेकर कुछ भी ठोस नहीं किया जा रहा है। आज देश में जो हालात बने हुए हैं, उसमें कांग्रेस की वैचारिक सोच और राहुल गांधी के निर्देशों को आम जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य सेवादल के कार्यकर्ता कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठ और चारों ओर फैले भ्रष्टाचार को जमीनी स्तर पर उजागर करने की जिम्मेदारी भी सेवादल को निभानी होगी।
विधायक विनोद गोठवाल ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पदाधिकारी ही आज नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक करते पकड़े गए हैं। जो लोग कल तक पेपर लीक का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ते थे, आज उनके ही पार्टी के लोग बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।
विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि आरएसएस की विचारधारा से अगर कोई संगठन मजबूती से लड़ सकता है तो वह कांग्रेस सेवादल है। सेवादल संगठन को मजबूत करके ही आने वाले चुनाव जीते जा सकते हैं। विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर भाजपा की नीतियों की सच्चाई उजागर करें और कांग्रेस के विचारों को घर-घर पहुंचाएं।
इस अवसर पर इस्माइल खान सरपंच, फूलचंद चौहान, महेंद्र पाल, मनीराम, सुरेंद्र कुमार, भीम सेन, साहबराम बारूपाल, पवन नायक, राजविंदर सिंह, जुझार सिंह, अजय धानका, विनोद गंगोली, सुखदेव नायक, राकेश कुमार, गणेश दादरवाल सहित बड़ी संख्या में सेवादल और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया गया।








