









ग्राम सेतु डॉट कॉम
आगामी पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों की रणनीतिक तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने हनुमानगढ़ में बिगुल फूंक दिया है। जंक्शन स्थित जाट भवन में पार्टी की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी प्रभारी एवं मुंडवा के पूर्व सभापति सुभाष कंदोई ने की। बैठक में जिले भर से आए पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने चुनावी रणनीति, जमीनी पकड़ और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से मंथन किया।
प्रभारी सुभाष कंदोई ने केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सत्ताधारी दल भय, भूख और भ्रष्टाचार के जनक बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में राजस्थान में स्थानीय निकायों और बोर्डों के गठन के दौरान भाजपा ने जिस तरह लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर सत्ता का दुरुपयोग किया, उसे पूरे प्रदेश की जनता ने देखा और महसूस किया है। कंदोई ने दावा किया कि जनता में भाजपा की इन नीतियों के प्रति गहरा आक्रोश है और आगामी पंचायतीराज चुनावों में जनता भाजपा का पूरी तरह सूपड़ा साफ कर देगी।
मुख्य विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए सुभाष कंदोई ने कहा कि कांग्रेस अपनी अंदरूनी खींचतान और आपसी गुटबाजी से ही बाहर नहीं निकल पा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपसी कलह में ही पूरी तरह निपट जाएगी। ऐसे राजनीतिक शून्य में राजस्थान के गांवों और ढाणियों के लोगों की एकमात्र उम्मीद अब आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल हैं। कंदोई ने रेखांकित किया कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने हमेशा किसानों, जवानों और आमजन के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक कड़ा संघर्ष किया है। अब उस संघर्ष और जनसमर्थन को वोटों में तब्दील करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के कंधों पर है।
चुनावी टिकट वितरण की नीति स्पष्ट करते हुए प्रभारी ने कहा कि आरएलपी पूरे जिले में पूरी ताकत और पुख्ता तैयारी के साथ चुनावी समर में उतरेगी। उन्होंने साफ किया कि केवल पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण भाव रखने वाले सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही पंचायत समिति और जिला परिषद के वार्डों से प्रत्याशी बनाया जाएगा। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मतभेद भुलाकर एकजुट होने और आज से ही वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष विजय सिंह बेनीवाल और वरिष्ठ नेता कपिल सहारण ने प्रभारी को आश्वस्त किया कि हनुमानगढ़ जिले में पार्टी का संगठनात्मक ढांचा बेहद मजबूत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी आगामी पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करेगी और जनहितैषी मुद्दों के बल पर जीत दर्ज करेगी।
जाट भवन में आयोजित इस समीक्षा बैठक में पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में विजय सिंह बेनीवाल, जय सिंह बेनीवाल, कपिल सहारण, संजय जाखड़, नारायण स्वामी, रविन्द्र कूकना, सुनील सहारण, हेमा राम, विनोद माली, रामकृष्ण जोशी, रणसिंह थाकन, मनीष गोदारा, मनोज मुण्डेल, संजय झोरड़, रामनिवास गोदारा, केवल काकड़, सुरेंद्र मटोरिया, एडवोकेट प्रकाश रोज़, रजनीश कासनियां, राहुल जाखड़, वीरेंद्र मेघवाल और पोखर मेव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।






