



ग्राम सेतु ब्यूरो.
श्री खुशाल दास यूनिवर्सिटी में 10 मई को सुबह 9.00 बजे सदभाव क्लब के तत्वावधान में ‘गौरवोत्सव प्रतिभा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के कक्षा 12वीं के उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
गौरतलब है कि श्री खुशाल दास यूनिवर्सिटी एवं गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल पिछले पाँच वर्षों से लगातार हनुमानगढ़ क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं गुरुजनों का सम्मान ‘गौरवोत्सव प्रतिभा सम्मान समारोह’ के माध्यम से करते आ रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा समाज में शिक्षा के महत्व को और अधिक बढ़ावा देना है। वर्तमान में समारोह में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों के पंजीकरण किए जा रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलता है, तो अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है।
वहीं विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपने भविष्य के प्रति अधिक जागरूक और प्रेरित बनाते हैं।
समारोह में क्षेत्र के शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रहने की संभावना है। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।






