




ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ स्थित गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल का सभागार 21 अप्रैल की दोपहर ‘कारगिल के शेर’ की दहाड़ से गूंज उठा। अवसर था प्रेरणादायक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का, जिसमें परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव विद्यालय के चीफ मेंटोर एवं डायरेक्टर भी हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों की कई शंकाओं और उलझनों का सारगर्भित समाधान प्रस्तुत किया।
कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी का व्यवहार अनुशासित और सकारात्मक है, तो उसे एनडीए में चयनित होने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी सोच को पूरे मन से अपनाने और जीवन में एक स्पष्ट उद्देश्य तय करने की सलाह दी। उनका कहना था कि जब लक्ष्य जुनून बन जाता है, तो असंभव भी संभव हो जाता है। सकारात्मक सोच से जीवन में अनुशासन स्वतः आ जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के युवाओं में इतनी क्षमता है कि वे अपनी कलम से इतिहास लिख सकते हैं और अपनी वीरता से नया इतिहास रच सकते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के सीबीएसई कक्षा 10 के टॉपर्स-मेघा, जानवी, आयुषी, मुकुंद और सृष्टि झा को स्मृति-चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संस्था के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उच्च मुकाम तक पहुंचाता है।
प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने अभिभावकों और विद्यार्थियों को विद्यालय की कार्यप्रणाली तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और देशभक्ति जैसे सैन्य जीवन के आवश्यक गुणों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के सपनों को पूरा करने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर विक्रम सिंह, प्रशासक अनुराग छाबड़ा, प्रधानाचार्या एन्थोनियम्मा पी., एनडीए कोचिंग डायरेक्टर मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पश्चात पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने “नेशन फर्स्ट” की भावना को प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए 10वीं और 12वीं में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करना ही सब कुछ नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सेवा भाव अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर दिया कि बच्चों का विकास केवल पढ़ाई तक सीमित न रहकर खेलकूद, सह-शैक्षणिक गतिविधियों और सांस्कृतिक क्षेत्रों तक होना चाहिए।
कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल द्वारा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और सेना से जुड़े अपने अनुभव व संस्मरण भी पत्रकारों के साथ साझा किए।






