


ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ के जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को ‘सीएम एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026’ से नवाज़ा गया है। यह सम्मान उन्हें जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा जारी सूची में हनुमानगढ़ जिले का नाम आना सिर्फ एक अधिकारी की उपलब्धि नहीं, बल्कि उस प्रशासनिक सोच की जीत है, जो फाइल से निकलकर खेत, ढाणी और घर तक पहुँचती है। सूखा-प्रवण इलाकों में पीने के पानी की स्थायी व्यवस्था करना कोई आसान काम नहीं, यह धैर्य, अनुशासन और ज़मीनी पकड़ मांगता है। डॉ. खुशाल यादव के नेतृत्व में जिले ने यही दिखाया।
जल जीवन मिशन के तहत हनुमानगढ़ में नल कनेक्शन, जल स्रोतों की मजबूती, गुणवत्ता जांच और समयबद्ध क्रियान्वयन पर खास फोकस रहा। ग्रामीण इलाकों में जहां पहले पानी रोज़ की चिंता था, वहां अब व्यवस्था भरोसेमंद बनी है। योजनाओं की निगरानी सिर्फ बैठकों तक सीमित नहीं रही, फील्ड विज़िट और जवाबदेही तय की गई।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने इस उपलब्धि को जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता को समर्पित किया है। उन्होंने कहाकि टीम वर्क का परिणाम है। आगे भी इसी तरह योजनाओं को अमली जामा पहनाने का प्रयास जारी रहेगा।






