




ग्राम सेतु ब्यूरो.
किसानों और मंडी व्यापारियों की जमीनी समस्याओं को लेकर भाजपा नेता प्रियंका मेघवाल ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले के किसानों से जुड़े अहम मुद्दों को गंभीरता से उठाते हुए उनके समाधान की मांग की। बैठक में प्रधानमंत्री किसान फसल बीमा योजना में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों और गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रियंका मेघवाल ने मंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान व्यवस्था के चलते किसानों को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनमें असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि नीतियों को जमीनी हालात के अनुरूप नहीं ढाला गया तो किसानों का भरोसा कमजोर हो सकता है। प्रियंका मेघवाल ने हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और अनूपगढ़ की मंडियों से जुड़े किसान और व्यापारी संगठनों की ओर से भी अपनी मांगें केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखीं। इनमें फसल बीमा क्लेम प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने तथा गेहूं खरीद व्यवस्था को अधिक किसान हितैषी बनाने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही गेहूं खरीद में लागू स्लॉट बुकिंग प्रणाली में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की ओर भी मंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया। बताया गया कि इस प्रणाली के कारण छोटे और सीमांत किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री भगीरथ चौधरी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और किसानों के हितों को सर्वाेपरि रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने और समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। बैठक के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में किसानों को राहत देने वाले ठोस फैसले सामने आ सकते हैं।






