




ग्राम सेतु डेस्क
देशभक्ति के जज़्बे, अनुशासन की सीख और भारतीय सेना की वर्दी पहनकर राष्ट्रसेवा का सपना… कुछ ऐसा ही प्रेरणादायी माहौल हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में देखने को मिला। सेना के अधिकारियों ने युवाओं को भर्ती प्रक्रिया से लेकर शारीरिक व मानसिक तैयारी तक की बारीकियां समझाईं। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ सवाल पूछे और सेना में करियर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया। यह सेमिनार केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं के भीतर राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण की नई ऊर्जा भी भर गया।
भारतीय सेना के कर्नल अंकुर कुमार ने कहा कि भारतीय सेना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सर्वाेच्च माध्यम है। उन्होंने युवाओं से अनुशासित जीवन अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सेना में भर्ती के लिए निर्धारित शारीरिक मापदंडों, आवश्यक हाइट, स्टैमिना, दौड़, मेडिकल परीक्षण तथा लिखित परीक्षा सहित सभी चरणों की गंभीरता से तैयारी करनी चाहिए।
बेबी हैप्पी एजुकेशन ग्रुप के एमडी तरुण विजय ने कहा कि आज के युवाओं के लिए भारतीय सेना में करियर बनाना सम्मान और गर्व की बात है। ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर नियमित तैयारी करने का आह्वान किया।
मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन आशीष विजय ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और रक्षा सेवाओं सहित अन्य क्षेत्रों में भी सफल बनाने के लिए निरंतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। भविष्य में भी इस प्रकार के प्रेरणादायी सेमिनार आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।
बी.एड. कॉलेज का प्राचार्य डॉ. संतोष महला ने कहा कि सफलता के लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और सकारात्मक सोच भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, व्यायाम और समय प्रबंधन अपनाकर अपने लक्ष्य की तैयारी करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सेना भर्ती से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। भर्ती प्रक्रिया, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, प्रशिक्षण और भविष्य की संभावनाओं पर भी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षा समिति निर्देशक तरुण विजय, अध्यक्ष आशीष विजय, ठ.म्क कॉलेज प्राचार्या संतोष चौधरी, विज्ञान संकाय एच ओ ड़ी शायर सिंह, महाविद्यालय प्रशासक परमानंद सैनी एवं उपप्राचार्य मनोज शर्मा ने भारतीय सेना के प्रतिनिधियों का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया तथा महाविद्यालय परिवार की ओर से उनका आभार व्यक्त किया।







