




ग्राम सेतु ब्यूरो
सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत वातावरण में हनुमानगढ़ टाउन स्थित स्वामी रामचंद्र मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल परिसर स्काउट-गाइड परिवार के उत्साह और उमंग का साक्षी बना। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ, हनुमानगढ़ टाउन का 54वां वार्षिक अधिवेशन गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्काउट-गाइड गतिविधियों की उपलब्धियों, भावी योजनाओं और संगठन को अधिक सशक्त बनाने के विषय पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही राष्ट्रपति स्काउट सम्मान के लिए चयनित विद्यार्थी लक्ष्य अरोड़ा के सम्मान ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
अधिवेशन की अध्यक्षता स्थानीय संघ के उपप्रधान रमेश गुंबर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में महावीर स्वामी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपप्रधान राजेंद्र बंसल, प्रभारी सहायक जिला आयुक्त सुरेंद्र कुमार, सहायक जिला आयुक्त दीपक बारोटिया, प्रभारी सहायक जिला आयुक्त (गाइड) निर्मला कुमारी, सहायक जिला आयुक्त (गाइड) रितु सेठी, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र कौशिक, प्रशिक्षण परामर्शदाता अमीलाल छापोला, राजपाल सिंह, छगन नारायण, गुरजिंदर सिंह, पाल सिंह, आजाद सिंह, घनश्याम शर्मा, योगमाया राठौड़, शारदा कुमारी, रतना देवी, विशिष्ट अतिथि सत्यदेव आर्य, संयुक्त सचिव उषा बब्बर, विद्यालय की प्रधानाचार्य ननीता मोंगा सहित 35 स्काउटर एवं गाइडर उपस्थित रहे।
अधिवेशन में वर्ष 2025-26 के दौरान स्थानीय संघ की ओर से आयोजित विभिन्न स्काउट-गाइड गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रतिभागियों ने सेवा कार्यों, प्रशिक्षण शिविरों, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों पर अपने विचार रखे। साथ ही आगामी सत्र के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड गतिविधियों से जोड़कर उनमें नेतृत्व, अनुशासन, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित की जा सके।
प्रशिक्षण परामर्शदाता भूपेंद्र कौशिक ने पिछले वार्षिक अधिवेशन की कार्यवाही का वाचन किया। उन्होंने बीते वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत करते हुए संगठन की वित्तीय स्थिति से सभी सदस्यों को अवगत कराया। इसके साथ ही आगामी सत्र का वार्षिक बजट भी प्रस्तुत किया गया, जिस पर सदस्यों ने विचार-विमर्श कर सुझाव दिए।
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब आया, जब स्वामी रामचंद्र मेमोरियल स्कूल के स्काउट लक्ष्य अरोड़ा को राष्ट्रपति स्काउट सम्मान की घोषणा होने पर स्थानीय संघ की ओर से मंचासीन अतिथियों ने शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर उपस्थित सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, लक्ष्य अरोड़ा को इस उपलब्धि तक पहुंचाने में योगदान देने वाले यूनिट लीडर गुलशन अरोड़ा को भी स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व न्यायाधीश महावीर स्वामी ने कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी पद्धति है, जो युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्काउट-गाइड की मूल भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में रमेश गुंबर ने संगठन की निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय संघ भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न प्रशिक्षण एवं सेवा गतिविधियों का विस्तार करेगा।
कार्यक्रम के अंत में संयुक्त सचिव उषा बब्बर ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, स्काउटर-गाइडरों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण के संकल्प के साथ 54वां वार्षिक अधिवेशन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।







