




ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ में वार्ड 50 की गलियों में गुरुवार को माहौल कुछ अलग नजर आया। हाथों में फल और कॉपी-किताबें लिए कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता जब जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंचे तो बच्चों के चेहरों पर उत्सुकता और खुशी साफ दिखाई दी। किसी ने पाठ्य सामग्री को सहेजकर रखा तो किसी के हाथ में फल थे। कार्यकर्ताओं ने बच्चों से बातचीत की, उनकी पढ़ाई के बारे में जाना और उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। अवसर था पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती का, जिसे कांग्रेस सेवा दल ने सद्भावना दिवस के रूप में मनाते हुए श्रद्धांजलि के साथ सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों की मुस्कान के बीच राजीव गांधी के शिक्षा, तकनीक और आधुनिक भारत के सपने को याद किया गया।
कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने युवाओं को देश की ताकत बताते हुए शिक्षा, तकनीक और आधुनिक सोच को बढ़ावा देने पर जोर दिया। राजीव गांधी का सपना था कि देश का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े और बच्चों एवं युवाओं को बेहतर शिक्षा तथा आगे बढ़ने के अवसर मिलें।
पारीक ने कहा कि सद्भावना दिवस मनाने का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम, शांति और एकता की भावना को मजबूत करना है। देश की तरक्की तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्ग मिल-जुलकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवा दल हमेशा सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों के कार्यों में आगे रहा है। जरूरतमंद बच्चों को फल एवं पाठ्य सामग्री वितरित करना इसी सेवा भावना का हिस्सा है।
जिला महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों के हाथों में पाठ्य सामग्री पहुंचाकर उन्हें शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर सेवा दल कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया। जिला सचिव लखविंदर सिंह ने कहा कि राजीव गांधी की जयंती को केवल स्मरण दिवस के रूप में मनाने के बजाय उनके विचारों को समाज सेवा के माध्यम से आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने समाज में सद्भाव, भाईचारा एवं आपसी एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। कांग्रेस सेवा दल ने भविष्य में भी जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के लिए इसी प्रकार के सेवा कार्य जारी रखने की बात कही।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक, संगठन महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी,सचिव लखविंदर सिंह, महासचिव खुशी अमलानी, मुख्य प्रशिक्षक मामराज परिहार, महासचिव आमिर खान, जिला महासचिव शाहरुख कुरेशी, सचिव कृष्ण साँखला, सूरज कुमार कल्लू,अशोक कुमार, जयपाल गिरी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।








