




ग्राम सेतु डॉट कॉम
भारतीय प्रशासनिक सेवा 2022 बैच की अधिकारी श्रद्धा गोमे ने गुरुवार को हनुमानगढ़ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिला परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं का बेहतर लाभ दिलाना रहेगा।
श्रद्धा गोमे ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान रहेगा। ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर कार्य किया जाएगा।
नवनियुक्त सीईओ ने कहा कि पंचायतीराज व्यवस्था सीधे ग्रामीणों से जुड़ी है। ऐसे में पंचायत समितियों और पंचायतीराज से जुड़े कार्यालयों में आने वाले ग्रामीणों की सुनवाई सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर कार्यालय पहुंचते हैं तो उनकी बात गंभीरता से सुनी जाए और नियमानुसार उनका समाधान करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के साथ विकास कार्यों में भी गति लाने की दिशा में काम किया जाएगा।
मध्यप्रदेश मूल की श्रद्धा गोमे भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2022 बैच की अधिकारी हैं। वे लॉ ग्रेजुएट हैं। प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं। इससे पहले वे झालावाड़ जिले की भवानीमंडी में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के पद पर कार्यरत रह चुकी हैं। वहां प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ आमजन से जुड़े मामलों के निस्तारण का अनुभव उन्हें मिला।
हनुमानगढ़ जिला परिषद में लंबे समय से आईएएस अधिकारी को मुख्य कार्यकारी अधिकारी लगाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब राज्य सरकार ने श्रद्धा गोमे को जिला परिषद सीईओ की जिम्मेदारी दी है। यह पहली बार है जब हनुमानगढ़ जिला परिषद में किसी आईएएस अधिकारी को मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। ऐसे में उनके पदभार संभालने से जिला परिषद के कामकाज और ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।







