






ग्राम सेतु डॉट कॉम
राजस्थान, हरियाणा और पंजाब क्षेत्र में लोकप्रिय सर्जन तथा हनुमानगढ़ में एक कुशल प्रशासक और श्रेष्ठ पीएमओ के रूप में पहचान रखने वाले वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमपी शर्मा को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के चुनाव में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। खबर मिलते ही हनुमानगढ़ सहित प्रदेशभर के चिकित्सकों में खुशी की लहर दौड़ गई। डॉक्टरों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।
आईएमए देश के सबसे बड़े चिकित्सक संगठनों में से एक है और इसके माध्यम से करीब 4.50 लाख डॉक्टरों का प्रतिनिधित्व किया जाता है। ऐसे प्रतिष्ठित संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर चुना जाना न केवल डॉ. एमपी शर्मा की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि हनुमानगढ़ जिले के लिए भी सम्मान की बात मानी जा रही है। जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ के वे पहले ऐसे चिकित्सक हैं, जिन्हें आईएमए में राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
डॉ. एमपी शर्मा इससे पहले आईएमए राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और चिकित्सकों के हितों के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. एमपी शर्मा हनुमानगढ़ जिले की भादरा तहसील के गांव सिकरोड़ी के निवासी हैं। वर्तमान में उनका निवास हनुमानगढ़ टाउन में है। उन्होंने चिकित्सा सेवा के साथ-साथ प्रशासनिक क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। एक कुशल सर्जन के रूप में उनकी ख्याति राजस्थान, हरियाणा और पंजाब तक फैली हुई है। मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और समर्पण के कारण आमजन में उनके प्रति विशेष विश्वास देखा जाता है।
डॉ. शर्मा को केवल एक सफल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि एक प्रभावी प्रबंधक के रूप में भी जाना जाता है। राजकीय जिला अस्पताल हनुमानगढ़ में पीएमओ रहते हुए उन्होंने अस्पताल को दो बार प्रतिष्ठित ‘कायाकल्प अवार्ड’ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके नेतृत्व में अस्पताल में स्वच्छता, व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ। इसके अलावा जनसहयोग के माध्यम से अस्पताल में करोड़ों रुपये के विकास कार्य भी करवाए गए, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं।
आईएमए हनुमानगढ़ के सदस्यों ने डॉ. एमपी शर्मा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुने जाने को जिले के चिकित्सा जगत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उनके निर्वाचन के बाद प्रदेश और देशभर से चिकित्सकों के बधाई संदेश लगातार प्राप्त हो रहे हैं। कई चिकित्सकों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आईएमए और अधिक प्रभावी ढंग से डॉक्टरों की समस्याओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुने जाने पर डॉ. एमपी शर्मा ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी चिकित्सकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आईएमए ने जो विश्वास उन पर व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के हितों की रक्षा, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।








